>>: Ayodhya Shri Ram Temple: 101 हवाइयों की गर्जना से होगी महाआरती, 51 वर्ष पुरानी जरदोजी की पोशाक पहनेंगे प्रभु श्रीराम, घर-घर उत्सव

>>

Patrika - A Hindi news portal brings latest news, headlines in hindi from India, world, business, politics, sports and entertainment!

जयपुर। पौष माह में रामलला आ रहे हैं। अयोध्या के श्रीराम मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर जयपुर में घर—घर उत्सव सा माहौल है। शहर के बाजार रामलला के आने की खुशी में पौष माह में जगमग हो रहे है। बाजारों में दिवाली के जैसे तीन दिन तक रोशनी रहेगी। मंदिरों में वेदपाठ, अनुष्ठान, महाआरती और आतिशबाजी के बीच श्रीरामलला के आगमन की खुशियां बिखरेंगी। जयपुर के रामनिवास बाग में रामलीला मैदान में श्रीराम मंदिर साकार हो रहा है। गलता तीर्थ में महादीपदान किया जाएगा। गलता के पवित्र कुंडों के साथ यहां विराजित रामलला के तीनों स्वरूपों की महाआरती होगी।

चांदपोल बाजार स्थित प्राचीन मंदिर श्रीरामचन्द्रजी में 22 जनवरी को रामनवमी व दीपावली की तरह ही विशेष उत्सव मनाया जाएगा। सुबह 11.15 बजे सालिगरामजी महाराज का पंचामृत अभिषेक किया जाएगा, उसके बाद श्रृंगार आरती होगी। ठाकुरजी को विशेष राजभोग का भोग लगाया जाएगा। महन्त नरेंद्र तिवाड़ी ने बताया कि इस अवसर पर प्रसिद्ध नृत्यांगना रेखा सैनी के निर्देशन में 108 बालिकायें नृत्यनाटिका के रूप में श्रीराम स्तुति करेंगी। शाम 6.15 बजे 101 हवाइयों की गर्जना के साथ विशेष सामूहिक आरती होगी। इसेक बाद बधाई महोत्सव होगा, जिसमें श्रीराम जन्म के प्राचीन पदों का और बधाइयों का गान किया जाएगा। भक्तों को लड्डू प्रसाद का वितरण किया जाएगा। रामदरबार का अलौकिक श्रृंगार कर ठाकुरजी को 51 वर्ष पुरानी जरदोजी और सच्चे काम की विशेष पोशाक धारण करवाई जाएगी।

गोविंददेवजी मंदिर में महाआरती व रोशनी
शहर के आराध्य गोविंददेवजी मंदिर में 21 जनवरी को पांच ब्राह्मणों की ओर से सुबह 8 बजे संगीतमय अखंड रामचरितमानस का पाठ शुरू होगा। 11 ब्राह्मण बटुंको द्वारा वेद पाठ किए जाएंगे। वहीं 22 जनवरी को सुबह 9 बजे समापन और हवन पूर्णाहुति होगी। उसके बाद दोपहर 12.30 बजे राम दरबार की आरती होगी। पूरे मंदिर को बानरवाल, फूलों से सजाया जाएगा और विशेष रोशनी भी की जा रही है। शाम को संध्या झांकी में 3100 दीपकों से मंदिर में सजाया जाएगा और महाआरती भी होगी। इस दौरान आतिशबाजी भी होगी। ठाकुरश्री जी को नवीन पीत वस्त्र पोशाक धारण करवाई जाएगी और विशेष अलंकार श्रृंगार किया जाएगा।
राजभोग झांकी का समय 12.30 बजे तक दर्शन होंगे।

सजेगी दीपमाला, ढोल ताशे गूंजेंगे
श्री राम मंदिर प्रन्यास, श्री सनातन धर्म सभा के तत्वावधान में श्री राम मंदिर, आदर्श नगर में 21 जनवरी को शाम 4.30 बजे से भजन संध्या होगी। शाम 5.30 बजे 'एक शाम राम भक्त हनुमान के नाम' कार्यक्रम में हनुमानजी की भक्ति और भगवान राम के प्रति प्रेम और समर्पण का गुणगान करेंगे। रात 8.30 बजे श्री हनुमान चालीसा का पाठ होगा और महाआरती होगी। 22 जनवरी को सुबह 8 बजे पंच कुंडीय महायज्ञ का आयोजन होगा। सुबह 11 बजे बड़ी स्क्रीन पर अयोध्या से प्रसारित प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के लाइव दर्शन होंगे। महिला मंडल द्वारा भजन कीर्तन होंगे। शाम को दीपमाला सजाई जाएगी और ढोल ताशे गूंजेंगे।

10—10 हजार रुपए का बजट
देवस्थान विभाग के मंदिरों में विशेष पूजा—अनुष्ठान किए जाएंगे। इसके लिए विभाग ने सभी मंदिरों में 10—10 हजार रुपए का बजट रखा है। वहीं निजी मंदिरों में भी दीपदान, महाआरती के आयोजन होंगे।

श्रीरामलला के स्वरूप में नजर आएंगे ताड़क बाबा
चौड़ा रास्ता स्थित ताड़केश्वर महादेव मंदिर में 22 जनवरी को ताड़क बाबा श्रीरामलला के स्वरूप में नजर आएंगे। बाबा ताड़केश्वर नाथ का शृंगार भगवाधारी त्रिपुरारी जैसा होगा। मंदिर को भगवा रंग में सजाया जाएगा। राम दरबार की झांकी के विशेष दर्शन होंगे। इससे पहले सुबह ताड़केश्वर बाबा का घी से अभिषेक होगा। दोपहर में सामूहिक हनुमान चालिसा के पाठ गूंजेंगे। महंत शक्ति व्यास के सान्निध्य में भक्त दोपहर एक बजे एक साथ हनुमान चालिसा के पाठ करेंगे। वहीं शाम को महाआरती होगी, इस दौरान मंदिर दीपकों से जगमग होगा। महोत्सव को लेकर 23 जनवरी को महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा।

24 घंटे तक संगीतमय अखण्ड रामायण पाठ
21 जनवरी को सांगानेरी गेट स्थित अग्रवाल कॉलेज परिसर के महाराजा अग्रसेन मंदिर में सुबह 10 बजे 51 आसनों पर 24 घंटे तक संगीतमय अखण्ड रामायण पाठ का आयोजन होगा। वहीं 22 जनवरी को सुबह 10 बजे अखण्ड रामायण पाठ की पूर्णाहुतिपर यज्ञ अनुष्ठान किया जाएगा। शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास प्रांत जयपुर, श्री अग्रवाल शिक्षा समिति एवं अग्र युवा शक्ति के संयुक्त तत्वावधान में यह आयोजन होगा। प्रदेश संयोजक राजू अग्रवाल मंगोड़ीवाला ने बताया कि सम्पूर्ण कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट किया जाएगा। कार्यक्रम में जयपुर के आमजन शामिल हो सकेंगे।

 

यह भी पढ़ें : गणेशजी ने जीमे पौष बड़े, दर्शनों के लिए उमड़े भक्त, गूंज उठे जयकारें

 

राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा 22 को
निवारू रोड स्थित जय बाबा बालाजी धाम में 22 जनवरी को श्री राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इस दिन सुबह 8:15 बजे श्रीराम दरबार की प्रतिमाओं को शोभायात्रा के साथ नगर भ्रमण करवाया जाएगा। दोपहर 12:21 बजे वेद मंत्रोच्चार के साथ राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। दोपहर 1:15 बजे छप्पन भोग अर्पित कर महाआरती की जाएगी। दोपहर 2:15 बजे महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा। इससे पहले 21 जनवरी को हवन और महाभिषेक होगा।

You received this email because you set up a subscription at Feedrabbit. This email was sent to you at rajasthanews12@gmail.com. Unsubscribe or change your subscription.