अरविन्द सिंह शक्तावत
Lok Sabha Election 2024: प्रदेश में लोकसभा चुनाव की बिसात बिछ गई है। भाजपा, कांग्रेस और कांग्रेस के गठबंधन ने 25 सीटों पर 50 उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। इन उम्मीदवारों में से पचास प्रतिशत से ज्यादा चेहरे पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़ने जा रहे हैं। प्रदेश की सात सीटें तो ऐसी हैं, जहां दोनो ही दलों के नए चेहरे चुनावी मैदान में उतारे गए हैं। नए चेहरों को टिकट देने में दोनो ही दल इस बार पीछे नहीं रहे हैं। कई प्रत्याशी तो ऐसे हैं, जिन्होंने जीवन में कभी विधायकी का चुनाव नहीं लड़ा है। उन्हें सीधे लोकसभा का टिकट दिया गया है। इन प्रत्याशियों में भाजपा प्रत्याशी ज्यादा हैं। भाजपा के आठ नए चेहरों में से तीन महिला लोकसभा प्रत्याशियों ने भी कभी विधायक का चुनाव लड़ा ही नहीं। भाजपा और कांग्रेस ने उदयपुर सीट पर ब्यूरोक्रेट्स को चुनाव लड़वाया है।
कांग्रेस के 6 चेहरों ने कभी नहीं लड़ा सांसद-विधायक का चुनाव
नए चेहरों को टिकट देने में भाजपा के मुकाबले कांग्रेस ने बाजी मारी है। कांग्रेस ने अब तक घोषित 25 सीटों में से 15 सीटों पर ऐसे चेहरे मैदान में उतारे हैं, जो पहली बार सांसद का चुनाव लड़ेगे। इन चेहरों में तीन विधायक हैं और छह ऐसे हैै, जो विधायक का चुनाव लड़ चुके हैं। 6 चेहरे ऐसे हैं, जिन्होंने कभी विधायक और सांसद का चुनाव नहीं लड़ा।
भाजपा के आठ चेहरों ने कभी नहीं लड़ा सांसद-विधायक का चुनाव
भाजपा ने कुल 11 नए चेहरों को चुनाव मैदान में उतारा है। इन प्रत्याशियों ने कभी भी सांसद का चुनाव नहीं लड़ा था। हालांकि, तीन उम्मीदवार ऐसे हैं, जो विधायक का चुनाव लड़ चुके हैं। आठ में से एक अलवर लोकसभा प्रत्याशी राज्यसभा से तो सांसद रह चुके हैं, लेकिन लोकसभा चुनाव पहली बार ही लड़ेगे। राजसमंद से प्रत्याशी बनाई गईं महिमा सिंह ने तो अभी तक कोई चुनाव ही नहीं लड़ा। वे सीधे सांसद का चुनाव लड़ रही हैं।
कांग्रेस में पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे ये चेहरे
ललित यादव | अलवर |
अनिल चौपड़ा | जयपुर ग्रामीण |
तारा चंद मीना | उदयपुर |
करण सिंह उचियारड़ा | जोधपुर |
संगीता बेनीवाल | पाली |
संजना जाटव | भरतपुर |
उम्मेदाराम बेनीवाल | बाड़मेर |
कुलदीप इंदौरा | श्रीगंगानगर |
प्रल्हाद गुंजल | कोटा |
बृजेन्द्र ओला | झुंझुनूं |
दामोदर गुर्जर | राजसमंद |
भजन लाल जाटव | धौलपुर-करौली |
रामचंद्र चौधरी | अजमेर |
मुरारी लाल मीणा | दौसा |
अरविन्द डामोर | बांसवाड़ा-डूंगरपुर |
भाजपा के ये चेहरे पहली बार लड़ रहे लोकसभा चुनाव
मंजू शर्मा | जयपुर शहर |
भूपेन्द्र यादव | अलवर |
प्रियंका बालान | श्रीगंगानगर |
शुभकरण चौधरी | झुंझुनूं |
देवेन्द्र झाझड़िया | चूरू |
मन्ना लाल रावत | उदयपुर |
महिमा सिंह | राजसमंद |
इंदु देवी जाटव | धौलपुर-करौली |
कन्हैया लाल मीना | दौसा |
लुम्बाराम चौधरी | जालोर-सिरोही |
दामोदर अग्रवाल | भीलवाड़ा |
सात सीटों पर दोनो दलों के नए चेहरे होंगे आमने-सामने
प्रदेश की 25 में से सात सीटें ऐसी हैं, जहां भाजपा और कांग्रेस दोनो ने ही नए प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है। दोनो दलों के अलवर, श्रीगंगानगर, झुंझुनूं, उदयपुर, राजसमंद, धौलपुर-करौली, दौसा सीट पर नए चेहरे आमने-सामने होंगे।
यह भी पढ़ें : राजस्थान में भाजपा की अल्पसंख्यक वोट बैंक में 'सेंधमारी' की तैयारी...ये रहेगी रणनीति