कोटा, जयपुर। मरू प्रदेश में भीषण गर्मी के दौर में रविवार को कई जिलों में मूसलाधार बारिश हुई और बेर के आकार के ओले गिर। तूफान ने जबर्दस्त बताही मचाई।
. हाड़ौती अंचल में रविवार को मौसम के तीन रंग देखने को मिले। कोटा, बूंदी, बारां व झालावाड़ जिले में सुबह बारिश हुई। दिन में तीखी धूप खिली व शाम होते-होते उमस ने बेहाल कर दिया।कोटा शहर में सुबह काले घने बादल छाए रहे। तेज हवा चली। सुबह 9 बजे तक कहीं तेज तो कहीं झमाझम बारिश हुई। सड़कों पर पानी बह निकला। तेज हवा व बारिश के कारण नौतपा से भी राहत रही। उसके बाद मौसम साफ हो गया। तीखी धूप खिली। शाम को बादल छाए और उमस से लोग बेहाल हो गए। पंखे-कूलर की हवा भी बेअसर साबित हुई। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 3 डिग्री गिरकर 35.3 व न्यूनतम तापमान एक डिग्री बढ़कर 28.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
बिजली गिरने से भैंस की मौत
बूंदी शहर में सुबह ठण्डी हवा चली तो गर्मी से राहत मिली। कुछ देर मेघ गर्जना के साथ बीस मिनट हल्की बारिश हुई। गोठड़ा क्षेत्र में भी मेघ गर्जना के साथ बारिश हुई। बिजली गिरने से गणेशगंज गांव में एक भैंस की मौत हो गई। वहीं नैनवां, हिण्डोली में एक घंटे झमाझम बारिश होने से मौसम खुशनुमा हो गया। हिण्डोली, कापरेन, नोताड़ा, बरूधन, रामगंजबालाजी, नमाना बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली।
मनोहरथाना में ओले गिरे
झालावाड़ जिले में अंधड के साथ कई स्थानों पर बारिश हुई। झालावाड़, झालरापाटन, सुनेल, पिड़ावा में आधे घंटे तेज आंधी के साथ बारिश हुई। सुनेल व झालरापाटन में कई घरों से टिन टप्पर उड़ गए तो कई पेड़ टूट गए। दोपहर बाद मनोहरथाना में 10-12 मिनट बेर के आकार के ओले गिरे। बकानी क्षेत्र में आज दोपहर में भयंकर आंधी चली। जिससे कई पेड़ गिर गए। जिससे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था काफी समय तक प्रभावित हो गई। रामचंद्र पुरिया गांव में शादी समारोह में लगा टेंट समान उड़ गया जो करीब 2 किलोमीटर दूर जाकर गिरा।
नागौर में तूफानी बारिश, मोबाइल टावर गिरा
नागौर में करीब साढे तीन बजे आए तूफान से कई पेङ, बिजली के पोल, होर्डिंग एवं टिन शेड धराशाई हो गए। नागौर शहर में तूफान की गति इतनी तेज थी कि शहर के खत्रीपुरा इलाके में एक मोबाइल टावर गिर गया। टावर मकान पर गिरने से मकान को भी काफी नुकसान पहुंचा है।रामदेवरा में बड़े आकार के गिरे ओले गिरे। नाचना क्षेत्र में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। जगह-जगह ओलावृष्टि हुई।
बीकानेर में जमकर बरसे मेघ
बीकानेर. शहर ने दोपहर करीब एक बजे अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। इसके बाद मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो गया। इससे सुबह से पड़ रही तेज गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली। हालांकि रविवार को तेज बारिश को लेकर मौसम विभाग की ओर से पहले से ही अलर्ट जारी किया गया था। तेज बारिश के साथ-साथ कई क्षेत्रों में ओले भी गिरे। करीब डेढ़ घंटे तक तेज तो उसके बाद रुक-रुक कर बारिश का दौर अभी भी जारी है। तेज बारिश के शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया।