----भाजपा नगरमंडल ने किया विरोध प्रदर्शन
अनूपगढ़ .शहर के भगवान परशुराम चौक पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नगर मंडल अध्यक्ष मुकेश शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस के झारखंड से राज्यसभा सांसद धीरज साहू के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस अवसर पर मौजूद सभी भाजपा कार्यकर्ताओं ने भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस पार्टी, सोनिया गांधी,राहुल गांधी व धीरज साहू के खिलाफ जबरदस्त नारेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की सेवा करने का ढोंग कर रही है,पार्टी के नेता भ्रष्टाचार व काली कमाई को बढ़ावा देते हैं। इसका प्रत्यक्ष प्रमाण राज्यसभा सांसद धीरज साहू के निवास स्थान पर मिला हैं। कांग्रेस पार्टी के सांसद के घर की अलमारियां 300 से 400 करोड़ रुपए उगल रही है। इससे स्पष्ट होता है कि कांग्रेस के नेतागण भ्रष्टाचार में संलिप्त है। पार्टी के नेताओं के पास भ्रष्टाचार को बढ़ावा देकर कमाया हुआ काला धन है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने यह आरोपी लगाया कि कांग्रेस पार्टी इस देश की सबसे भ्रष्ट पार्टी है। नगर मंडल अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने आरोप लगाते हुए कहा कि जनता अब जागरूक हो चुकी है,ऐसे पार्टी के खिलाफ विधानसभा चुनावों में विभिन्न राज्यों ने मोर्चा खोल दिया है,लोकसभा चुनावों में भी जनता पार्टी को जवाब देगी। गौरतलब है कि झारखंड से कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज साहू के घर पर पिछले 5 दिनों से आयकर विभाग की रेड चल रही है जिसमें भारत के इतिहास की आज तक की सबसे बड़ी नकदी रिकवरी हुई है।