जोधपुर।
शहर के पार्क और भ्रमण स्थलों पर अल-सुबह करीब पांच हजार लोग मॉर्निंग वॉक या घूमने आते हैं। जिनमें महिलाएं व बुजुर्ग भी शामिल होते हैं। इनकी सुरक्षा और बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने गुरुवार सुबह छह से आठ बजे तक हर थाना क्षेत्रों में पार्क और भ्रमण स्थलों पर आकस्मिक जांच की। संदिग्ध गतिविधि व बदमाशी करने वाले कई युवकों को हिरासत में लिया गया। वहीं, संदिग्ध व विभिन्न तरीकों से आमजन को परेशान करने वालों की जानकारी जुटाई गई। पुलिस कमिश्नर राजेन्द्रसिंह भी दो-तीन पार्क पहुंचे और निरीक्षण किया।
पुलिस कमिश्नर सिंह ने बताया कि आमजन की सुरक्षा और अपराधिक गतिविधि पर अंकुश के लिए पुलिस को प्रतिदिन नए-नए टास्क दिए जा रहे हैं। उसी के तहत गुरुवार सुबह 6 से 8 बजे तक हर छोटे-बड़े व प्रमुख पार्क और भ्रमण स्थलों की आकस्मिक जांच की गई। इसके अलावा भी थानों के द्वितीय अधिकारियों ने थोड़े-थोड़े समय के अंतराल में पार्क व प्रमुख मंदिर परिसरों की जांच की। वहां घूमने आने वालों से पुलिस ने व्यक्तिगत मुलाकात कर संदिग्ध गतिविधियों वाले व्यक्ति, नए-नए मॉडल की बाइक चलाकर तंग-परेशान करने वालों, स्टंट करने वालों, पार्क में जबरन क्रिकेट या अन्य खेल खेलने के लिए दबाव डालने वालों के बारे में जानकारी ली। तत्पश्चात पुलिस ने कार्रवाई कर ऐसे अनेक युवकों को हिरासत में लिया। थाने ले जाकर इनके खिलाफ कार्रवाई की गई।
सादे वस्त्रों में पार्क में घूमीं पुलिस, मनचलों को पकड़ा
अभियान के तहत पुलिस ने पार्क और मंदिर परिसरों में सादे वस्त्रों में पहुंची, जहां आमजन बनकर गतिविधियों पर नजर रखी। इस दौरान युवतियों और महिलाओं से अभद्रता या छींटाकशी करने वालों को पकड़कर थाने ले जाया गया। कार्रवाई के दौरान महिला शक्ति की पुलिसकर्मी भी साथ रहीं। दो-तीन पार्क में पुलिस कमिश्नर भी पहुंचे और आमजन से संदिग्ध गतिविधि व बदमाशों करने वालों के संबंध में पुलिस कन्ट्रोल रूम 100-112 पर शिकायत करने की अपील की।