>>: शादी हुई आसान, राजस्थान के इन समाजों ने शुरू की ‘मैट्रिमोनियल पोर्टल’ की सुविधा

>>

Patrika - A Hindi news portal brings latest news, headlines in hindi from India, world, business, politics, sports and entertainment!

जयपुर। बदलते दौर में सामाजिक ताने-बाने को मजबूत करने के लिए शहर के समाज अपने स्तर पर मिसाल पेश कर रहे हैं। शहर के विभिन्न समाजों की ओर से वेबसाइट बनाकर विवाह के लिए नि:शुल्क बायोडेटा आदान-प्रदान करने की सुविधा मुहैया करवाई जा रही है। सामाजिक सरोकारों के तहत संगठन से जुड़े प्रमुख लोग समय-समय पर समाजजनों के साथ संवाद कर परामर्श भी ले रहे हैं। भाटिया, ब्राह्मण, वैश्य, राजपूत और माहेश्वरी समाज की ओर से यह पहल जारी है।

4 हजार से अधिक जोड़े का रिश्ता पोर्टल के जरिए तय

जानकारी के मुताबिक अलग-अलग समाज वेबसाइट बनाकर यह सुविधा मुहैया करवा रहे हैं। जिसमें जयपुर सहित देश-दुनिया में बैठे लोग अपने बच्चों का बायोडेटा सहित अन्य जानकारी साझा कर रहे हैं। बीते पांच महीने में उक्त समाजों के 4200 से अधिक युवा अपना घर बसा चुके हैं।

वेबसाइट में नियमित रूप से नए फीचर्स जोड़े जा रहे हैं। पोर्टल का मुख्य उद्देश्य समाज को एकजुट करना, उनके हितों की रक्षा करना और विवाह के क्षेत्र में समर्थन प्रदान करना है। वैश्य समाज अग्रवाल जयपुर.कॉम के प्रबंध निदेशक रमेश बंसल नेे बताया कि अब तक 2900 रिश्ते हो चुके हैं।

पोर्टल पर 2600 से ज्यादा बायोडेटा उपलब्ध हैं। 11 हजार 800 लोग सदस्य हैं। बंसल ने बताया कि वेबसाइट पूरी तरह से नि:शुल्क है। एक रुपए भी चंदा देने और शुल्क का प्रावधान नहीं है।

मारवाड़ी मैट्रिमोनियल पोर्टल भी शुरू

मारवाड़ी इंटरनेशनल फेडरेशन की ओर से भी मारवाड़ी मैट्रिमोनियल वेबसाइट बुधवार को लालकोठी में विधायक बालमुकुंदाचार्य ने क्लिक कर शुरू की। फेडरेशन के संस्थापक, महासचिव विजय गर्ग ने बताया कि जाति, गोत्र, वर्किंग-नॉनवर्किंग, हॉबीज, कलर सहित अन्य पांच से अधिक फिल्टर के जरिए सुविधा मिलेगी।

दूसरी जाति में शादी करने के इच्छुक, तलाकशुदा भी शादी के लिए वर-वधु तलाश सकेंगे। इससे अलग-अलग समाज के पदाधिकारियों को भी जोड़ा जाएगा। विश्व में दो करोड़ से अधिक मारवाड़ी अलग-अलग जातियों के हैं। सभी सुविधाएं नि:शुल्क हैं।

वेबसाइट के राष्ट्रीय संयोजक मक्खन लाल कांडा ने बताया कि राजस्थान का कोई भी व्यक्ति किसी भी समाज का हो वह बायोडेटा इस वेबसाइट पर नि:शुल्क अपलोड कर सकता है। गर्ग ने बताया कि वेबसाइट के जरिए स्टार्टअप से संबंधित एवं रोजगार के अवसर भी उपलब्ध करवाए जाएंगे।

You received this email because you set up a subscription at Feedrabbit. This email was sent to you at rajasthanews12@gmail.com. Unsubscribe or change your subscription.