Loksabha election 2024: जयपुर। भाजपा ने लोकसभा चुनाव में प्रत्याशियों के टिकटों को फाइनल करने की लगभग पूरी तैयारी कर ली है। कई बैठकों में टिकटों पर "मंथन" के बाद अब फाइनल "मुहर" लगने वाली है। दिल्ली में बुधवार को भी प्रदेश कोर कमेटी के सदस्यों के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ चर्चा हुई है। अब गुरुवार को दिल्ली में ही भाजपा की केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक होगी। इसमें टिकटों के फाइनल नामों पर मुहर लगना बाकी है। इसके बाद भाजपा कभी भी नामों की घोषणा कर देगी। चर्चा यह भी है कि कुछ नाम चुनाव की आचार संहिता से पहले ही जारी कर दिए जाएं।
भाजपा "राजस्थान मिशन 25" में पूरी तैयारी के साथ जुटी है। सभी लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों के पैनल बनाने के बाद अंतिम नाम पर मुहर लगाने की मशक्कत इस समय युद्ध स्तर पर जारी है। चर्चा यह भी है कि भाजपा सभी 25 नामों की घोषणा एक साथ नहीं करेगी, बल्कि कुछ नाम पहले और कुछ नामों की घोषणा बाद में करेगी। आचार संहिता से पहले नामों की घोषणा करने से कार्यकर्ताओं को चुनाव तैयारी करने का अधिक समय मिल जाएगा।
एक ही सवाल, पहली सूची कब और उसमें कितने होंगे नाम
भाजपा की दिल्ली में होने वाली केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक होगी। इधर, भाजपा के संभावित दावेदारों में खलबली मची हुई है। एक ही सवाल आ रहा है कि पहली सूची कब आएगी और उसके कितने नाम होंगे। इधर लोकसभा चुनाव लड़े छह सांसदों के अलावा नागौर सीट को लेकर ज्यादा ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है। छह लोकसभा सांसदों में तीन हारे और तीन जीते थे। नागौर में रालोपा को समर्थन दिया था। ऐसे में इन सात सीटों पर नए प्रत्याशियों की चर्चा है। इसके अलावा करीब आधा दर्जन सीटों पर भी नए नाम आने की भी संभावना जताई जा रही है। इस तरह राजस्थान की 25 सीटों में से करीब पचास फीसदी नए प्रत्याशी मैदान में उतर सकते हैं। इसके अलावा भाजपा ने सभी सीटों को ए व बी कैटेगिरी में बांट रखा है। ऐसे में यह उम्मीद भी जताई जा रही है कि जिन सीटों पर किसी भी तरह का विवाद नहीं है, सीट पूरी तरह से सेफ है। उन सीटों के नाम पहली सूची में ही जारी कर दें। बाकी सीटों पर एक बार फिर मंथन कर नाम फाइनल किए जाएं।
भाजपा में शामिल होने वालों पर भी नजर
विधानसभा चुनाव से पहले और लोकसभा चुनाव के समय कांग्रेस के कई दिग्गज नेता भाजपा में शामिल हो गए हैं। ऐसे में इन नेताओं पर भी विचार किया जा रहा है। बांसवाड़ा से महेन्द्रजीत सिंह मालवीया अभी हाल ही भाजपा में शामिल हुए हैं। इसके अलावा नागौर से ज्योति मिर्धा भी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुई थी। मिर्धा ने पिछला लोकसभा चुनाव कांग्रेस के टिकट से लड़ा था। इनके नाम की भी नागौर से चर्चा चल रही है। वहीं राजस्थान के ऐसे और भी नाम हैं जो कांग्रेस छोडकऱ भाजपा में शामिल हुए हैं या फिर होने की चर्चा हैं। इनके नामों पर भी भाजपा में मंथन जारी है।