राजस्थान के सरकारी स्कूलों में सूर्य नमस्कार अनिवार्य किए जाने का मामला पिछले कुछ दिनों से गर्माया रहा है। कुछ मुस्लिम संगठनों ने इस आदेश पर ऐतराज़ जताते हुए इसके बहिष्कार करने की चेतावनी दी थी और अदालत तक का दरवाज़ा खटखटा दिया था। हालांकि इस आदेश के खिलाफ चुनौती को कोर्ट ने खारिज कर दिया।
इन तमाम विवादों के बीच शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के सूर्य नमस्कार को लेकर दो लेटेस्ट वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं और जमकर वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में जहां मंत्री दिलावर सूर्य नमस्कार अनिवार्य किए जाने का कारण और उसके फायदे बताते दिख रहे हैं, तो वहीं एक अन्य वीडियो में वे खुद एक स्कूल प्रांगण में छात्रों के बीच सूर्य नमस्कार करते दिख रहे हैं।
ये भी पढ़ें : राजस्थान के सरकारी स्कूलों में 'अनिवार्य' सूर्य नमस्कार आज, सिर्फ एक क्लिक में पढ़ें राजस्थान सहित देश-दुनिया की बड़ी खबरें
... इसलिए ज़रूरी सूर्य नमस्कार
मंत्री मदन दिलावर ने एक वीडियो संदेश सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के ज़रिए शेयर किया, जिसमें वे भगवान सूर्य की उत्पत्ति के दिन 'सूर्य सप्तमी' की शुभकामनाएं देने के साथ ही ज़्यादा से ज़्यादा संख्या में सूर्य नमस्कार करने की लोगों से अपील करते दिख रहे हैं। साथ ही वे सूर्य नमस्कार करने के फायदे भी बता रहे हैं।
मंत्री दिलावर का कहना है कि सूर्य सभी कष्टों और व्याधियों को दूर करता है। ये शरीर तक विटामिन पहुंचाने में कारगर है। ये अन्धकार मिटाकर प्रकाश देता है और इसके बिना जीना असंभव सा हो जाता है। यही कारण है कि सूर्य भगवान की उत्पत्ति और जन्मदिन के दिन सूर्य नमस्कार में बढ़चढ़ कर भाग लेना चाहिए।
खुद ने किया सूर्य नमस्कार
मंत्री मदन दिलावर के खुद सूर्य नमस्कार करने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ये वीडियो दरअसल, 10 फरवरी को उन्हीं की ओर से शेयर किया गया है। इस वीडियो में मंत्री दिलावर एक स्कूल में छात्रों संग सूर्य नमस्कार करते दिख रहे हैं। इस वीडियो को शेयर करने के दौरान दिलावर ने अपने जारी संदेश में लिखा था, 'आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 'स्वस्थ भारत-सशक्त भारत' के संकल्प के अनुरूप भरतपुर स्थित विद्यालय में प्रतिभा से सुसज्जित छात्र-छात्राओं के साथ सूर्य नमस्कार करने का सुअवसर प्राप्त हुआ। आइए, हम सभी सूर्य नमस्कार को हमारी जीवनचर्या का अंग बनाने का संकल्प ले। इससे जहां सबको बेहतर स्वास्थ्य मिलेगा, वहीं योग और भारत की सांस्कृतिक विरासत को भी बढ़ावा मिलेगा।'
ये भी पढ़ें : अचानक क्यों चर्चा में आ रहे वसुंधरा पुत्र सांसद दुष्यंत सिंह? ये Video हो रहा Viral
फ़ौरन अपडेट करनी होगी जानकारी
सूर्य नमस्कार के सामूहिक आयोजन में भाग लेने वाले विद्यार्थियों, शिक्षकों, कार्मिकों, अभिभावकों और गणमान्य लोगों की जानकारी शाला दर्पण पोर्टल के मॉड्यूल पर कार्यक्रम समाप्त होने के बाद तुरंत बाद अपडेट करनी होगी। इसके लिए स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से सभी संस्था प्रधानों को निर्देश जारी किए गए हैं। यही नहीं कार्यक्रम सुव्यवस्थित हो इसके लिए शिक्षा विभाग ने स्कूलों में निरीक्षण और मॉनिटरिंग के लिए बाकायदा अधिकारियों की टीम बनाई है।