>>: Video: कृ​षि कॉलेज के छात्रों से बोले डॉ. जाखड़ - पहले खेत तैयार करो, फिर फसल तो कोई भी उग जाएगी

>>

Patrika - A Hindi news portal brings latest news, headlines in hindi from India, world, business, politics, sports and entertainment!

राजस्थान पत्रिका के 69वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हो रहे कार्यक्रमों की शृंखला में मंगलवार को बीकानेर रोड स्थित राजकीय कृषि कॉलेज में नेहरू युवा केन्द्र के सहयोग से कॅरियर मार्गदर्शन सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में नागौर जिला परिषद के सीईओ रणजीत सिंह गोदारा व बीआर मिर्धा कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. शंकरलाल जाखड़ ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनके सवालों के जवाब दिए तथा जीवन में संघर्ष का महत्व बताया।

सीईओ गोदारा ने द्विपक्षीय संवाद करते हुए कृषि कॉलेज के विद्यार्थियों के सवालों के जवाब दिए तथा उनसे कई सवाल भी पूछे। सीईओ ने राजस्थान पत्रिका के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि पत्रिका प्रामाणिक खबरें प्रकाशित करता है। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में पत्रिका की गहरी पकड़ है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि प्रश्न करना सीखें, प्रश्न करेंगे तभी जिज्ञासा को शांत कर पाएंगे और ज्ञानार्जन होगा। उन्होंने कहा कि जब किसी समाज के लोगों के ज्ञान का स्तर बढ़ता है तो समाज में व्यवस्था परिवर्तन होता है। गोदारा ने शिक्षा के साथ राजनीति व मतदान से जुड़े सवालों के जवाब भी दिए।
पूर्व प्राचार्य डॉ. जाखड़ ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे जेहन में क्यों और कैसे का सवाल हमेशा रहना चाहिए। उन्होंने अपने निजी जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि विद्यार्थी यदि कठिन मेहनत करे तो सफलता प्राप्त कर सकता है। यह भी ध्यान रखें कि सफलता का कोई शोर्ट कट नहीं है। जाखड़ ने कहा कि पहले खेत तैयार करो, खेत तैयार होगा तो फसल कोई भी उग जाएगी और पैदावार भी अच्छी होगी। यदि हमारी तैयारी अच्छी नहीं है तो फिर कोई भी परीक्षा क्यों न दें, सफल नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि आज हर विद्यार्थी और व्यक्ति के हाथ में मोबाइल है, लेकिन यदि उसका सही उपयोग करें तो सारा ज्ञान भरा पड़ा है, लेकिन गलत उपयोग कर लिया तो बर्बादी तय है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कृषि कॉलेज के अधिष्ठाता डॉ. सेवाराम कुमावत ने कहा कि कृषि क्षेत्र में आने वाले विद्यार्थियों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ रही है, ऐसे में सफल होने के लिए मेहनत भी उसी अनुरूप करनी होगी। सहायक आचार्य डॉ. विकास पावडिय़ा ने सेमिनार में संचालन करते हुए विद्यार्थियों को मोटिवेट किया। सेमिनार के अंत में पत्रिका एवं नेहरू युवा केन्द्र की ओर से अतिथियों को स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। अतिथियों ने भी प्रश्न करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न प्रदान कर प्रोत्साहित किया।

You received this email because you set up a subscription at Feedrabbit. This email was sent to you at abhijeet990099@gmail.com. Unsubscribe or change your subscription.