Lok Sabha Elections 2024 : पुष्कर में शनिवार 6 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस और विपक्ष पर जमकर हमला किया। साथ ही भाजपा और केंद्र सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। आज भाजपा का स्थापना दिवस भी है। पीएम मोदी ने जनसभा में उपस्थित लोगों को की शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, आपका सपना मोदी का संकल्प है। हमें 2047 तक भारत को विकसित बनाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, कल कांग्रेस पार्टी ने एक झूठ का पुलिंदा जारी किया है, अपना घोषणा पत्र जारी किया है। हर पन्ने पर भारत के टुकड़े करने की बू आ रही है। कांग्रेस के घोषणा पत्र में वो ही सोच झलकती है जो सोच आजादी के समय मुस्लिम लीग में थी।
2024 का ये चुनाव ऐसा ही एक बड़ा अवसर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, देश के इतिहास में कभी-कभी ऐसे मौके आते हैं, जब देश के नागरिकों का एक फैसला अगले सैकड़ों वर्षों का भविष्य तय करता है। 2024 का ये चुनाव ऐसा ही एक बड़ा अवसर है।
भाजपा राजनीति नहीं राष्ट्रनीति पर चलती है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, आज एक बहुत शुभ अवसर है, आज भाजपा का स्थापना दिवस है। बहुत कम दशकों में ही भाजपा के साथ रिकॉर्ड संख्या में हमारे देशवासी जुड़े हैं। भाजपा ने लोगों का भरोसा जीता है, लोगों का दिल जीता है। इसका सबसे बड़ा कारण है कि भाजपा राजनीति नहीं राष्ट्रनीति पर चलती है।

80 करोड़ जरूरतमंदों को मुफ्त अनाज देती है भाजपा
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा की सरकार देश के 80 करोड़ जरूरतमंदों को मुफ्त अनाज देती है। दस साल में 30 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा गरीबों के खाते में सीधे भेजे हैं। कांग्रेस की सरकार में पैसा बीच में लूट लिया जाता था।
हमारे यहां तो राम-राम सा करके प्रणाम करते हैं...
पीएम मोदी ने कहा कि राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में जो चला गया, कांग्रेस ने उसे 6 साल के लिए निकाल दिया। हमारे यहां तो राम-राम सा करके प्रणाम करते हैं। राम के खिलाफ इतना गुस्सा मेरे दिमाग में नहीं बैठ रहा है।
मोदी ने बेटियों के लिए सेना के दरवाजे खोले
पीएम मोदी ने कहा कि बेटी सेना में नहीं जा सकती थी, मोदी ने उनके लिए दरवाजे खोल दिए हैं। बेटियों को डिलीवरी के बाद 26 हफ्तों की छुट्टी दी है। महिला आरक्षण बिल से संसद में हमारी माताओं-बहनों के लिए सीटों का आरक्षण पक्का कर दिया है। जो कभी साइकिल नहीं चला सकती थीं, वह आज गांव में ड्रोन उड़ा रही है। इसरो के बड़े प्रोजेक्ट्स को महिलाएं हैंडल कर रही हैं। महिला पायलट का सबसे ज्यादा प्रतिशत दुनिया में भारत में है।

इस बार हम हर सीट 5 लाख से अधिक वोटों से जीतेंगे - सीएम भजन लाल
पुष्कर में राजस्थान के सीएम भजन लाल शर्मा ने कहा, पीएम नरेंद्र मोदी ने हमारी संस्कृति और विरासत को दुनिया में शीर्ष स्थान पर पहुंचाया है। राजस्थान की जनता ने चुनाव 2014 और चुनाव 2019 में राज्य की पूरी 25 लोकसभा सीटें पीएम नरेंद्र मोदी को दी है। मेरा आपसे आग्रह है कि इस बार भी पूरी 25 सीटें भाजपा को दें। पर इस बार जीत का अंतर बहुत बड़ा होना चाहिए। हम 5 लाख से कम अंतर से कोई सीट नहीं जीतेंगे। इस अवसर पर पीएम मोदी उपस्थित थे।