
पाली/रायपुर मारवाड़। कोरोना महामारी के बीच पंचायत चुनाव को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग को सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने पड़ रहे हैं। बगैर मास्क के मतदाता को मतदान नहीं करने देने के आदेश के बाद आयोग के ध्यान में आया है कि मास्क की आड़ में फर्जी मतदान हो सकता है। इसे लेकर भी पुख्ते प्रबंध किए जाएंगे। जिसके तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता महिला मतदाता का मास्क हटा पहचान करेगी। जबकि पुरुष मतदाता की पहचान के लिए अन्य कार्मिक की ड्यूटी लगाई जाएगी।
उपखण्ड क्षेत्र की 40 ग्राम पंचायतों में 28 सितम्बर को सरपंच व वार्डपंच के लिए मतदान होगा। इसी दिन शाम को मतगणना की जाकर परिणाम घोषित किए जाएंगे। 40 ग्राम पंचायतों में मतदान के लिए 212 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं। जहां प्रत्येक केन्द्र पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को लगाया जाएगा। ये महिला मतदाता का मास्क हटा पहचान करेगी। इसके बाद ही महिला मतदाता मतदान कर सकेगी। पुरुष मतदाताओं के लिए भी अलग से कार्मिक लगाए जाएंगे। जो मास्क हटाकर पहचान करेंगे।
थर्मल स्क्रीनिंग व हाथ सेनेटाइज के बाद मतदान
प्रत्येक बूथ पर एएनएम व आशा सहयोगिनी को लगाया जाएगा। ये प्रत्येक मतदाता की थर्मल स्क्रीनिंग करेगी। साथ ही उनके हाथों को सेनेटाइज करने के बाद ही उन्हें बूथ के अंदर प्रवेश करने देगी। जिस मतदाता के मास्क नहीं लगा रखा होगा, उन्हें बूथ के अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
प्रत्येक बूथ को किया सेनेटाइज
क्षेत्र के सभी मतदान केन्द्रो को सेनेटाइज कराया गया है। मतदान के एक दिन पहले दुबारा सेनेटाइज किया जाएगा। सरपंच चुनाव को लेकर परिणाम घोषित के बाद फिर से सेनेटाइज किया जाएगा। अगले दिन उपसरपंच चुनाव के बाद केन्द्र को सेनेटाइज किया जाएगा।
भौंपू प्रचार पर आज से विराम
निर्वाचन अधिकारी राजेश मेवाड़ा ने बताया कि क्षेत्र में प्रत्याशियों द्वारा अपने पक्ष में किया जा रहा भौंपू प्रचार शनिवार शाम साढ़े पांच बजे बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद भी यदि कोई भौंपू प्रचार करता है तो पुलिस द्वारा उस वाहन को सीज कर वाहन चालक को गिरफ्तार किया जाएगा। रविवार शाम साढे पांच बजे बाद प्रत्याशी डोर-टू-डोर प्रचार नहीं कर पाएंगे। इसे लेकर प्रत्याशियों को पांबद कर दिया गया है।
September 26, 2020 at 09:06AM