>>: सांसदी बहाली के बाद राजस्थान में यहां 'ताकत' दिखाएंगे राहुल गांधी, गहलोत-पायलट का रहेगा साथ

>>

Patrika - A Hindi news portal brings latest news, headlines in hindi from India, world, business, politics, sports and entertainment!

बांसवाड़ा।

राजस्थान और मध्यप्रदेश में इस वर्ष के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने चुनाव के लिए कमर कस ली है। कांग्रेस चुनाव का बिगुल जिले के मानगढ़ धाम से पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में फूंकेगी। राहुल गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कांग्रेस के कई बड़े नेता बुधवार को मानगढ़ धाम पर आएंगे। यहां होने वाली सभी को लेकर पार्टी नेता व कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हैं।

 

आदिवासियों के बीच में विश्व आदिवासी दिवस मनाने को लेकर कांग्रेस ने पूरी तैयारी की है। केंद्रीय आला नेताओं के अतिरिक्त मानगढ़ धाम पर होने वाली सभा में प्रदेश के कई मंत्री व नेता सम्मिलित होंगे। कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी सुखजिंदरसिंह रंधावा, राष्ट्रीय सचिव निजामुद्दीन काजी बांसवाड़ा में डेरा डाले हुए हैं। पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी मंगलवार को बांसवाड़ा आएंगे। मानगढ़ सभा की तैयारियों में जल संसाधन मंत्री महेंद्रजीतसिंह मालवीया, जनजाति विकास राज्यमंत्री अर्जुनसिंह बामनिया, जिलाध्यक्ष रमेशचंद्र पंड्या के नेतृत्व में पूरी पार्टी जुटी है।

 

कांग्रेस लगा रही पूरा जोर

कांग्रेस ने खुद को आदिवासियों का हितचिंतक निरूपित किया है। ऐसे में राजस्थान व मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा और अन्य दलों को पटकनी देने और परम्परागत आदिवासी वोट बैंक को बनाए रखने के लिए इस सभा के लिए कांग्रेस पूरा जोर लगा रही है।

 

वागड़-मेवाड़ की सीटों की भूमिका महत्वपूर्ण

कांग्रेस की नजर बांसवाड़ा और उदयपुर संभाग की सभी आरक्षित सीट और मध्य प्रदेश की 12 आरक्षित सीट पर है। प्रदेश में सरकार बनाने में वागड़-मेवाड़ की सीटों की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जाती रही है। मुख्यमंत्री भी लगातार वागड़ अंचल के दौरे पर भी रहे हैं। हालांकि पिछले कुछ वर्षों में अन्य पार्टियों ने कांग्रेस के वोटबैंक में सेंध जरूर लगाई है।

 

चुनावी गणित

गत विधानसभा चुनाव में बांसवाड़ा-डूंगरपुर की 9 विधानसभा में से कांग्रेस 3 सीट जीत पाई थी। राज्य सरकार की ओर से बांसवाड़ा को संभाग बनाने से इसमें प्रतापगढ़ जिला भी जुड़ गया है। ऐसे में बांसवाड़ा संभाग की 11 सीटों में से अभी कांग्रेस पांच पर काबिज है। कुशलगढ़ से निर्दलीय रमीला खड़िया ने भी सरकार को समर्थन दिया है। वहीं भाजपा तीन और बीटीपी का दो सीटों पर कब्जा है।

 

त्रिपुरा सुंदरी के किए दर्शन

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी एसएस रंधावा और अन्य पार्टी नेताओं ने सोमवार को त्रिपुरा सुंदरी पहुंचकर मातारानी के दर्शन किए। उन्होंने प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इसके बाद वे डूंगरपुर के लिए प्रस्थान कर गए, जहां उन्होंने जिलाध्यक्ष के पदभार ग्रहण समारोह में भाग लिया।

 

राहुल गांधी की सभा को लेकर प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा, परिवहन मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास जिले के प्रभारी मंत्री सहित कई केबिनेट व राज्यमंत्री भी मानगढ़ आएंगे।वहीं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी मंगलवार शाम को बांसवाड़ा पहुंचेंगे।

 

सितंबर में पहली सूची

प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा ने कहा कि ईडी, इनकम टैक्स, सीबीआई से डराने का माहौल पैदा किया जा रहा है। हम घबराने वाले नहीं हैं। आपसी झगड़े मिटाने होंगे। कार्यक्रम में राज्यमंत्री शंकर यादव व पूर्व उप जिला प्रमुख प्रेमकुमार पाटीदार ने आतिथ्य स्वीकार नहीं किया एवं कार्यकर्ताओं के बीच बैठे रहे। बाद में बीच कार्यक्रम से ही उठकर चले गए।

 

प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा ने कहा कि ये दूरियां मिटेंगी तो कांग्रेस सभी सीटें जीतेगी। छोटी-छोटी बातें लेकर बैठ गए तो देश हमें माफ नहीं करेगा। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सितम्बर माह में पहली सूची जारी करने की कोशिश की जाएगी। यह आलाकमान का काम है।

You received this email because you set up a subscription at Feedrabbit. This email was sent to you at rajasthanews12@gmail.com. Unsubscribe or change your subscription.