लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार चयन की मशक्कत के बीच कांग्रेस पार्टी के सबसे चर्चित नेता सचिन पायलट ( Lok Sabha Election 2024 Sachin Pilot ) एक बार फिर चर्चा में हैं। दरअसल, इस बार उनके नाम का ज़िक्र राजस्थान की टोंक लोकसभा सीट से बतौर लोकसभा प्रत्याशी उतारे जाने की संभावनाओं को लेकर हो रहा है। गौरतलब है कि सचिन पायलट मौजूदा समय में टोंक से विधायक हैं। उन्हें इसी क्षेत्र की लोकसभा सीट से एक मजबूत कांग्रेसी प्रत्याशी के तौर पर देखा जा रहा है।
Sachin Pilot : चर्चाओं-अटकलों का बाज़ार गरम
राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम और मौजूदा कांग्रेस विधायक सचिन पायलट के लोकसभा चुनाव लड़ने की संभावनाओं की राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक और जयपुर से लेकर दिल्ली तक में चर्चाएं परवान पर हैं। राजनीतिक पंडित हों या सियासत में दिलचस्पी रखने वाली आम पब्लिक, सभी के बीच चर्चा का सवाल यही है कि क्या सचिन पायलट लोकसभा चुनाव में ताल ठोकते दिखेंगे या नहीं?
Sachin Pilot का आया ये रिएक्शन
लोकसभा चुनाव में उतरने को लेकर सचिन पायलट की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। नई दिल्ली में मीडिया के सवालों पर पायलट ने चुनाव लड़ने को लेकर ना पूरी तरह से हामी भरी और ना ही ऐसी संभावनाओं-चर्चाओं और अटकलों को पूरी तरह नकारा।
पायलट ने कहा, 'राजस्थान की सभी 25 लोकसभा सीटों पर कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी में मंथन जारी है। कई सीटों पर नाम फाइनल हुए हैं, शेष सीटों पर भी चर्चा हो रही है। 7 मार्च को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में सभी नामों पर अंतिम चर्चा करने के बाद प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लगेगी और उनका ऐलान होगा। पार्टी जिसे भी जहां से भी चुनाव लड़ाना चाहेगी, ये केंद्रीय चुनाव समिति को ही तय करना है।'
ये भी पढ़ें : राजस्थान में लोकसभा चुनाव के घोषित 15 BJP प्रत्याशियों को लेकर अब आ रही ये बड़ी खबर
Sachin Pilot पर ही छोड़ा फैसला!
टोंक-सवाई माधोपुर लोकसभा सीट पर कांग्रेस का प्रत्याशी कौन होगा? क्या विधायक सचिन पायलट को लोकसभा लड़ाया जाएगा? या पार्टी को उनके नाम के अलावा और कोई मजबूत और जिताऊ उम्मीदवार मिल पायेगा? इन तमाम सवालों पर फिलहाल सस्पेंस बना हुआ है, जो केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद ही दूर होगा। लेकिन इन सभी के बीच ये भी बताया जा रहा है कि टोंक-सवाई माधोपुर सीट पर उम्मीदवार चयन का निर्णय सचिन पायलट पर छोड़ दिया गया है। वे स्वयं चुनाव लड़ें या फिर अन्य उम्मीदवार के नाम का प्रस्ताव रख सकते हैं।
Rajasthan BJP ने भी नहीं खोले हैं पत्ते
भाजपा ने जिन 15 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नामों का ऐलान अपनी पहली सूची में किया है, उसमें टोंक-सवाईमाधोपुर शामिल नहीं है। इस सीट पर फिलहाल भाजपा के वरिष्ठ नेता सुखबीर सिंह जौनापुरिया सांसद हैं। अब पार्टी उन्हें फिर से टिकट थमाकर चुनाव मैदान में उतारती है या किसी नए चहरे पर दांव लगाती है, देखना दिलचस्प रहेगा।
ये भी पढ़ें : क्या MLA रविंद्र सिंह भाटी लोकसभा चुनाव में ताल ठोकेंगे? आ गई ये बड़ी और लेटेस्ट अपडेट
Sachin Pilot : तीन बार लड़ चुके हैं लोकसभा चुनाव
पहली बार नहीं है कि सचिन पायलट का नाम लोकसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। अपने राजनीतिक करियर में वे अब तक तीन बार लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं। वर्ष 2004 में दौसा सीट से और वर्ष 2009 में अजमेर सीट से लगातार दो बार जीत दर्ज करके सांसद रह चुके हैं। हालांकि वे जीत की हैट्रिक नहीं बना सके और वर्ष 2014 लोकसभा चुनाव में अजमेर सीट से हार गए थे।