>>: Digest for April 06, 2024

>>

Patrika - A Hindi news portal brings latest news, headlines in hindi from India, world, business, politics, sports and entertainment!

You are receiving a digest because your subscriptions have exceeded your account's daily email quota. Your quota has automatically reset itself.

भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ की सतर्कता के चलते ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से आई हेरोइन की खेप तस्करों के हत्थे चढ़ने से बच गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 8 करोड़ रुपए बताई जा रही है। ड्रोन की यह खेप आने से दो दिन पहले ही पुलिस और बीएसएफ ने केसरीसिंहपुर क्षेत्र में ड्रोन के माध्यम से संयुक्त सर्च अभियान चलाया था।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात किसी समय पाकिस्तान से हेरोइन की खेप लेकर आया एक ड्रोन भारत- पाक सीमा से सटे गांव 40 पीएस के एक खेत में गिर गया। बीएसएफ को गुरुवार सुबह नियमित सर्च अभियान के दौरान खेत में क्षतिग्रस्त ड्रोन मिल गया। ड्रोन को कब्जे में लेकर इससे बंधी कपड़े की पोटली को खोला गया तो 2 पैकेट में बंधी 1 किलो 708 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

यह भी पढ़ें : क्या रविंद्र सिंह भाटी वापस लेंगे नामांकन...? भाजपा-कांग्रेस के इस सीट से छूट रहे पसीने

बीएसएफ की ओर से घटना की जानकारी समेजा पुलिस थाने में देने पर अनूपगढ़ पुलिस अधीक्षक रमेश मौर्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भंवरलाल, पुलिस उप अधीक्षक अन्नू बिश्नोई व थाना प्रभारी विकास बिश्नोई ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायाजा लिया। हेरोइन की खेप की डिलीवरी लेने के लिए पंजाब के ड्रग माफिया से जुड़े तस्करों की इलाके में मौजूदगी होने की संभावना के चलते पुलिस व बीएसएफ ने संयुक्त रूप से मुख्य मार्गों पर नाकाबंदी करवाई। डिलीवरी लेने के लिए आए तस्करों की धरपकड़ के लिए संदिग्ध ठिकानों पर दबिश भी दी गई लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। सीमा पार से हेरोइन तस्करी की घटना को लेकर बीएसएफ ने समेजा कोठी पुलिस थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।

यह भी पढ़ें : राजस्थान के इस जिले को अमृतसर-जामनगर हाइवे से जोड़ने की मांग, व्यापारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी

Shri Ganga Nagar News : कृषि बहुल श्रीगंगानगर जिले के किसानों पर दोहरी मार पड़ रही है। इस बार सरसों का उत्पादन और भाव दोनों ही कम है। सरसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 5650 रुपए प्रति क्विंटल है जबकि मंडी में 4501 से 5261 रुपए भाव चल रहा है। नई धानमंडी श्रीगंगानगर में नौ हजार क्विंटल सरसों की आवक हुई है। राजफैड एक जन आधार कार्ड पर 25 क्विंटल सरसों की खरीद कर रहा है। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ व अनूपगढ़ जिलों में सरसों और चना की एमएसपी पर खरीद करने के लिए 61 खरीद केंद्रों में से गुुरुवार तक सिर्फ 13 केंद्रों पर ही खरीद शुरू हो पाई है। श्रीगंगानगर जिले में एक से चार अप्रेल तक 60 किसानों को टोकन जारी किए गए लेकिन अभी तक एक भी किसान सरसों लेकर नहीं आया। इस कारण यहां पर एमएसपी पर खरीद नहीं की गई। अनूपगढ़ जिले में 60 किसानों से 1411 क्विंटल और हनुमानगढ़ में 82 किसानों से 952 क्विंटल सरसों की एमएसपी पर खरीद की गई है।

आठ लाख बैग बारदाना की आपूर्ति

राजफैड अधिकारियों का दावा है कि सरसों व चना खरीद के लिए रबी सीजन में 30 लाख थैले बारदाने की आवश्यकता है। अभी तक तीनों जिलों में आठ लाख बैग बारदाने की आपूर्ति हो चुकी है। इसमें श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में तीन-तीन लाख और अनूपगढ़ में दो लाख थैले बारदाने की आपूर्ति आ चुकी है।

यह भी पढ़ें - IPL 2024 : जयपुर पहुंची RCB की टीम ने मचाया धमाल, देखें फोटो

इन केंद्रों पर हुई एमएसपी पर खरीद

राजफैड के अनुसार चार अप्रेल को ग्राम सेवा सहकारी समिति 9 ए,ग्राम सेवा सहकारी समिति 12 एच, अनूपगढ़, ग्राम सेवा सहकारी समिति 17 एमडी, घड़साना, रावला, श्रीविजयनगर, भादरा, गोलूवाला, नोहर, पल्लू, रावतसर,संगरिया आदि में 2655 बैग 1327.5 क्विंटल सरसों की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद की गई है।

सरसों की एमएसपी पर खरीद शुरू - राजफैड क्षेत्रीय प्रबंधक

राजफैड क्षेत्रीय प्रबंधक श्रीगंगानगर हरिसिंह ने कहा सरसों की एमएसपी पर खरीद शुरू कर दी गई है। तीनों जिलों में चार अप्रेल तक 400 किसानों को टोकन जारी किए गए हैं जबकि श्रीगंगानगर जिले में 60 में से एक भी किसान एमएसपी पर सरसों बेचने के लिए नहीं आया।

यह भी पढ़ें - Good News : राजस्थान के स्कूलों में 11 अप्रैल को रहेगा अवकाश, शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश

शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में एक से तीन दिन बाद भी मिलेगी जलापूर्ति
-गंगनहर में बीस दिन की नहरबंदी, अब 25 अप्रेल तक पहुंचेगा पानी

श्रीगंगानगर. गंगनहर में एक से 20 अप्रेल तक नहरबंदी रहेगी। नहरों में फिर से पानी की आपूर्ति 25 अप्रेल तक ही हो पाएगी। गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है। इसमें पानी की खपत अब दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। साथ ही रबी का सीजन शुरू हो चुका है। लोगों को पर्याप्त पानी की आपूर्ति नहीं मिलने से आक्रोश बढ़ सकता है।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग श्रीगंगानगर जिले में गंगनगर के अन्तर्गत आने वाली शहरी जल योजनाओं में पांच शहरों और तीस गांवों में शुरुआती सप्ताह में नियमित आपूर्ति उपलब्ध करवाएगा। इसके बाद एक दिन छोडकऱ जलापूर्ति की जाएगी। वहीं जिला मुख्यालय पर कुछ एरिया में एक दिन छोडकऱ तो कुछ एरिया में नियमित जलापूर्ति की जाएगी। जिस क्षेत्र में नियमित जलापूर्ति की जाएगी,वहां बाद में कटौती की जाएगी। वहीं जिले के ग्रामीण क्षेत्र की 200 स्कीमों के 656 गांवों में कहीं नियमित तो कहीं एक से तीन दिन छोडकऱ जलापूर्ति की जाएगी।

-----------

मुख्य हैडवर्क्स पर 15 दिन के जल भंडारण की क्षमता

श्रीगंगानगर शहरी जल योजना में एक शहर और 15 गांवों में शहरी जल योजना शामिल है। मुख्य हैडवर्क्स पर 15 दिन के जल भंडारण की क्षमता है। मुख्य हैडवर्क्स पर आठ ट्यूबवैल स्थापित किए गए हैं। इनसे प्रतिदिन तीन हजार किलो लीटर जल उत्पादन होता है। इसके अतिरिक्त मुख्य नहर के कालूवाला हैड एवं नेतेवाला हैड पर पौंडिग कर नहरबंदी के दौरान पेयजल भंडारण की व्यवस्था की जा रही है।

-------------------------------------------

--एक शहर में आठ दिन और तीन में दस दिन बाद एक दिन छोडकऱ होगी जलापूर्ति
गजसिंहपुर शहरी जल योजना में एक शहर व 5 गांव आते हैं। यहां पर विभाग के पास 16 दिन की जल भंडारण की व्यवस्था है। इस कारण शहरी जल योजना गजसिंहपुर में आठ दिन बाद एक दिन छोडकऱ जलापूर्ति की जाएगी। पदमपुर शहरी जल योजना में एक शहर और तीन गांव आते हैं। इसमें 21 दिन की जल भंडारण की व्यवस्था है। केसरीसिंहपुर शहरी क्षेत्र में एक शहर और तीन गांव आते हैं। यहां पर 22 दिन की जल भंडारण की क्षमता है। इसी तरह श्रीकरणपुर शहरी जल योजना में एक शहर और तीन गांव आते हैं। वहां 23 दिन की जल भंडारण की की व्यवस्था है। शहरी जल योजना पदमपुर,श्रीकरणपुर,केसरीसिंहपुर व श्रीकरणपुर में 10 दिन के बाद एक दिन छोडकऱ जलापूर्ति की जाएगी।
---------------------------------------------
विभाग ने कंट्रोल रूम शुरू किया
श्रीगंगानगर में नहरबंदी के अंतिम चरण में पानी की समस्या को देखते हुए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने वृत्त स्तर पर चल रहे कट्रोल रूम 0154-2445031 की सुविधा 24 घंटे के लिए शुरू की है। इसके अलावा नगर खंड में 0154-2445064 भी कंट्रोल रूम शुरू किया गया है।
---------------------------------------
नहरबंदी में शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में पर्याप्त जल भंडारण किया गया है। विभाग की योजना की अनुसार जलापूर्ति की जाएगी। गर्मी के मौसम में कहीं पर पानी की दिक्कत आएगी तो टैंकरों से भी जलापूर्ति की जाएगी।
आशीष गुप्ता, अधीक्षण अभियंता, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग,श्रीगंगानगर।

श्रीकरणपुर. लोकतंत्र में एक-एक वोट की ताकत है और सरकार बनाने में हर वोट की भूमिका अहम है। मताधिकार का उपयोग कर अपनी पसंद के मुताबिक सही, योग्य व बेहतर प्रतिनिधियों का चयन किया जा सकता है। एसडीएम श्योराम ने यह बात शुक्रवार को महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में राजस्थान पत्रिका के मतदाता जागरुकता अभियान के तहत हुए कार्यक्रम में कही।

स्कूल में हुए कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता एसडीएम ने कहा कि प्रजातंत्र में मतदान सबसे सशक्त अधिकार है और मताधिकार का प्रयोग करके ही सशक्त राष्ट्र की नींव रखी जा सकती है। एसडीएम ने कहा कि चुनाव के दिन अवकाश होगा। ऐसे में स्कूली बच्चे मतदान के लिए पंजीकृत हो चुके बड़े भाई-बहनों व माता-पिता को अनिवार्य मतदान के लिए अवश्य प्रेरित करने व शत-प्रतिशत मतदान का लक्ष्य पूरा करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में स्कूल के करीब पांच सौ विद्यार्थियों के साथ प्रधानाचार्य हरपाल सिंह, पीटीआइ सुरेंद्र बिश्नोई, शिक्षक नरेश जक्खू, सतीश परूथी, तरुण सिंगला, शैलेंद्र कौर, कमलजीत कौर व पूजा आदि भी शामिल हुए। इस अवसर पर बच्चों ने जागरुकता रैली निकाली। इस दौरान उन्होंने बैनरों व पट्टियों के माध्यम से अनिवार्य मतदान का संदेश किया। कार्यक्रम में शामिल सभी नागरिकों को अनिवार्य मतदान का संकल्प भी कराया गया।

लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर व्यक्ति का योगदान जरूरी

विशिष्ट अतिथि नायब तहसीलदार जगदीश प्रसाद, इओ पवन चौधरी, राउप्राविद्यालय तीन एफसी के प्रधानाध्यापक राजकुमार नागपाल व प्रधानाचार्य हरपाल सिंह ने भी विचार व्यक्त किए। उन्होंने आगामी 19 अप्रेल को लोकसभा चुनाव की जानकारी दी और कहा कि विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए हर व्यक्ति को अपना योगदान देना चाहिए। यह तभी होगा जब हर मतदाता वोट देकर सही उम्मीदवार का चयन करेगा। उन्होंने बताया कि 19 अप्रेल को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। वक्ताओं ने मतदाता जागरुकता के लिए शुरू किए पत्रिका अभियान की सराहना की। कार्यक्रम में पालिका उपाध्यक्ष अशोक गरुड़ा ने भी शिरकत की। पत्रिका प्रतिनिधि प्रवीण राजपाल ने मतदाता जागरुकता अभियान की जानकारी दी।

बालिकाओं ने सजाई रंगोली

पत्रिका के मतदाता जागरुकता अभियान अंतर्गत महात्मा गांधी स्कूल में बालिकाओं ने रंगोली भी सजाई। इसमें उन्होंने रंग-बिरंगी सजावट के माध्यम से अनिवार्य मतदान का संदेश दिया। एसडीएम सहित अन्य अतिथियों ने रंगोली का अवलोकन किया और इसकी सराहना की। कक्षा नौ की बालिकाओं भूमिका खत्री, रिशिका कंबोज, चंचल कंबोज, हरगुण कौर व खुशी कंबोज ने रंगोली सजाकर अनिवार्य मतदान का संदेश दिया।

You received this email because you set up a subscription at Feedrabbit. This email was sent to you at abhijeet990099@gmail.com. Unsubscribe or change your subscription.