>>: Digest for August 07, 2021

>>

Patrika - A Hindi news portal brings latest news, headlines in hindi from India, world, business, politics, sports and entertainment!

You are receiving a digest because your subscriptions have exceeded your account's daily email quota. Your quota has automatically reset itself.

Table of Contents

पोकरण. भणियाणा उपखंड क्षेत्र के दूधिया गांव में गुरुवार को कएक खेत में निर्मित पानी के टांके में कूदकर एक युवक व नाबालिग किशोरी ने आत्महत्या कर ली। भणियाणा थानाधिकारी खेताराम गोदारा ने बताया कि गुरुवार को सुबह सूचना मिली कि दूधिया गांव के पास एक खेत में निर्मित पानी के टांके के बाहर दो जोड़ी चप्पल पड़े है तथा टांके में एक युवक व किशोरी के शव तैर रहे है। सूचना पर थानाधिकारी गोदारा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा टांके से दोनों शवों को बाहर निकलवाया। युवक की शिनाख्त गुंदाला निवासी मसूरखां (22) पुत्र नेकूखां के रूप में की गई। जबकि नाबालिग किशोरी पास ही के एक गांव की बताई जा रही है। दोनों की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी गई तथा शवों को भणियाणा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। परिजनों के आने के बाद शवों का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर दोनों शव उनके परिजनों को सुपुर्द किए गए। देर शाम तक इस संबंध में किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में मामला दर्ज नहीं करवाया गया था।

्रस्वर्णनगरी के ऐतिहासिक गड़ीसर सरोवर पर इन दिनों प्रकृति मेहरबान है। कलात्मक सुंदरता व बारीक नक्काशी कार्य वाली बंगलियों के बीच लबालब भरे गड़ीसर सरोवर का सौन्दर्य द्विगुणित हो गया है। यहां जलक्रीड़ा करते पक्षियों के बीच प्राकृतिक माहौल को निहारना हर किसी को रास आता है। - फोटो पत्रिका
पोकरण. कस्बे में बुधवार रात हल्की बूंदाबांदी के बाद गुरुवार को दिनभर गर्मी का मौसम बना रहा। बुधवार रात करीब साढ़े 10 बजे आसमान में घने बादल छा गए। करीब 11 बजे तेज बौछारों के साथ हल्की बूंदाबांदी का दौर शुरू हुआ। करीब 10 मिनट तक हुई बूंदाबांदी से सड़कें तर हो गई। इसके बाद पूरी रात तेज हवाएं चलती रही और मौसम सुहावना हो गया। गुरुवार को दिनभर भीषण गर्मी के कारण आमजन का बेहाल हो गया। गुरुवार को दिन चढऩे के साथ सूर्य की तेज किरणें निकली। दोपहर के समय तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। भीषण गर्मी व उमस का दौर देर शाम तक भी जारी रहा। जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। हालांकि दोपहर बाद आसमान में हल्के बादलों की आवाजाही हुई, लेकिन गर्मी व उमस के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया।

जैसलमेर. शिक्षा के क्षेत्र में पिछड़ेपन का शिकार रहे सीमांत जैसलमेर जिले में परिदृश्य बदल रहा है। पढ़ाई-लिखाई कर सरकारी सेवा में जाने का जज्बा जिले के युवाओं में खूब देखने को मिल रहा है। हाल में आरएएस परीक्षा का अंतिम परिणाम सामने आने पर जिले के करीब डेढ़ दर्जन युवक-युवतियां चयनित होने में कामयाब रही। इनमें ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं ज्यादा हैं। इसके अलावा विगत अर्से के दौरान जिले के युवा आरएएस के अलावा यूपीएससी, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, सेना, पुलिस, शिक्षा, लेखा जगत आदि में सफलता के प्रतिमान स्थापित कर चुके हैं। उनसे प्रेरणा पाकर अन्य युवाओं का मनोबल ऊंचा हुआ है और वे भी जैसलमेर शहर के साथ बाहरी शहरों तक में जाकर जरूरी शिक्षा ग्रहण कर राजकीय सेवा में जाने के लिए कमर कस चुके हैं। जानकारों के मुताबिक जिले के 15 हजार से ज्यादा युवा तैयारी में जुटे हुए हैं। वर्तमान में 5 साल में तीन हजार युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। वर्ष 2018 की भर्ती में यहां 15 से 20 युवा आरएएस परीक्षा में चयनित हुए हैं।
हजारों युवा जुटे
वर्तमान में जिले के कम से कम 15 हजार युवक-युवतियां आगामी सितम्बर माह में प्रस्तावित अध्यापक पात्रता परीक्षा के लिए तैयारी में जुटे हैं। इसके अलावा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में भी उनकी ओर से हिस्सेदारी की जा रही है तथा वे दिन में 8 से 12 या कुछ तो इससे भी अधिक समय तक पढ़ाई कर रहे हैं। सबकी मंजिल एक अदद सरकारी नौकरी है। दरअसल कोरोना काल में जिले के सबसे प्रमुख पर्यटन और पत्थर उद्योगों के अलावा अन्य काम-धंधों पर बहुत विपरीत असर पडऩे से भी युवाओं में सरकारी नौकरी पाने की हसरत बढ़ी है। इनमें महिलाओं व बालिकाओं का जोश ज्यादा देखने लायक है। पिछले अर्से के दौरान शिक्षकों की भर्ती में जिले की बहू-बेटियों ने खासी सफलता अर्जित कर दिखाई है। इस समय भी वे तृतीय श्रेणी शिक्षकों की भर्ती के लिए जमीन-आसमान एक किए हुए हैं।
इंटरनेट मोबाइल का सहारा
एक तरफ अभ्यर्थी सरकारी नौकरियों के लिए पात्र बनने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे दूसरी ओर यह भी सच है कि पिछले करीब डेढ़ साल से कोरोना महामारी ने उनकी राह में बहुत से अवरोध उत्पन्न किए हैं। कोरोना की वजह से कोचिंग व अन्य शिक्षण इकाइयां लगभग बंद रही। आवाजाही तक पर प्रतिबंध लगा। इसके बावजूद उन्होंने हौसला नहीं गंवाया है। वे आपस में समूह बनाकर घरों में अध्ययन करने में जुटे हैं। इस समय इंटरनेट सुविधा से लैस उनका मोबाइल फोन सबसे बड़ा मददगार बना हुआ है। यू-ट्यूब चैनल पर परीक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण सामग्री प्राप्त कर रहे हैं। गूगल जैसे सर्च इंजन व कोरा आदि प्लेटफार्मों पर उनकी शंकाओं का समाधान हो रहा है। इसके अलावा इसी फोन पर उन्हें देश-प्रदेश के उनके जैसे ही युवाओं की सफलता की कहानियां भी उन्हीं की जुबानी देखने-सुनने को मिल रही हैं। मोबाइल से लाइव क्लासेज से भी उनका जुड़ाव बन गया है। कई नामी कोचिंग संस्थानों ने वर्तमान में यह रास्ता अपनाया हुआ है।
इनकी चल रही तैयारी
मौजूदा समय में राजस्थान सरकार की ओर से आरएएस, रीट, सब इंस्पेक्टर, पटवारी और कॉलेज व्याख्याता प्रतियोगी परीक्षा के लिए तारीखों का ऐलान किया हुआ है। पीटीइटी, बीएसटीसी व पुलिस कांस्टेबल के लिए भी आवेदन पत्र भरे जा चुके हैं।
शिक्षा से जुड़ रहे युवा
पिछले कुछ वर्षों के दौरान जिले के युवा शिक्षा के क्षेत्र में ज्यादा प्रभावी ढंग से मेहनत कर रहे हैं। विंड पावर, पर्यटन आदि से उनका कहीं न कहीं मोहभंग हुआ है। जैसलमेर में पहले के मुकाबले प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करवाने की सुविधा भी अब ज्यादा बेहतर हुई है।
- तनेसिंह सोढ़ा, व्याख्याता एवं मोटिवेटर।

पोकरण. कृषि विज्ञान केन्द्र के कृषि वैज्ञानिकों ने क्षेत्र के छायण गांव में फसलों का जायजा लिया। खरीफ मौसम में किसानों ने मूंगफली में प्रमुख कीट लगने की आशंका रहती है। वैज्ञानिकों ने बताया कि दीमक व गोजा लट मुख्य रूप से पौधे की जड़ों को खा जाती है। जिससे पौधे की पत्तियां पीली हो जाती है एवं पौधे को उखाड़कर देखने पर जड़ कटी हुई दिखाई पड़ती है और पौधे सूख जाते है। शस्य वैज्ञानिक डॉ.केजी व्यास ने बताया कि इसके उपचार के लिए किसानों को क्लोरोपाइरीफास चार लीटर प्रतिहेक्टेयर की दर से सिंचाई के पानी के साथ देना चाहिए, ताकि दवाई पौधे की जड़ों तक पहुंच जाए। मूंगफली मे जड़ गलन होने पर पौधे की जड़ काली पड़कर गलने लग जाती है, पौधे की पत्तियां झुलसकर सूख जाती है। इसके प्रभावी नियंत्रण के लिए वैज्ञानिकों ने एक किलो कार्बेण्डाजिम अथवा मेंकोजेब प्रतिहेक्टयर की दर से ड्रेंचिंग अथवा सिंचाई जल का उपयोग करने को लाभदायक बताया। मृदा वैज्ञानिक डॉ.बबलू शर्मा ने बताया कि इस फसल का अच्छा उत्पादन प्राप्त करने के लिए नत्रजन, फास्फोरस व पोटाश के साथ कैल्शियम एवं सल्फर तत्वों का प्रयोग जरूरी है। प्रसार वैज्ञानिक सुनीलकुमार शर्मा ने फसल के लिए कीट एवं रोग प्रबंधन को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि मूंगफली में पीलापन दिखाई देने पर पांच ग्राम फेरस सल्फेट के साथ एक ग्राम साइट्रिक अम्ल को एक लीटर पानी मे मिलाकर छिड़काव करना प्रभावी रहता है। डॉ.रामनिवास ने बताया कि खेत की मिट्टी को ट्राइकोडर्मा से शोधित करें और खेतों में गोबर की खाद डालें। इससे जमीन में सूक्ष्म लाभदायक जीवों की जनसंख्या बढ़ जाती है, जो हानिकारक जीवों को कम कर देते हैं।


पोकरण. क्षेत्र के साकड़ा पुलिस थाना में पौधरोपण किया गया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विपिन कुमार शर्मा, थानाधिकारी हनुमानराम व हिम्मतराम, फतेहसिंह, जितेंद्र सुथार आदि ने पौधरोपण किया। इस मौके पर नेहरु युवा केंद्र के स्वयंसेवक गजेंद्रसिंह राठौड़ मौजूद थे। नेहरु युवा केंद्र की ओर से संचालित पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण कर स्वयंसेवक गजेंद्र सिंह ने लोगों को पर्यावरण से होने वाले लाभ व वृक्षों से मिलने वाले लाभ के बारे में जानकारी दी।
आसकंद्रा. ग्राम पंचायत आसकंद्रा के विभिन्न जगहों पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय प्रधानाचार्य सुरेंद्रसिंह ने बताया कि बारिश में आमजन को प्रशिक्षण व अधिक अधिक संख्या में पौधरोपण करने का संदेश दिया गया। गुरुवार को ग्राम पंचायत मुख्यालय, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय, उप स्वास्थ्य केंद्र एवं विद्यालय के बालिकाओं की ओर से पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर सरपंच हिम्मतसिंह, ग्राम विकास अधिकारी ईश्वरसिंह भाटी, शैतानसिंह, जालमसिंह, हरलाल चिनिया, प्रेम बाई, हप्पूराम, अजयपालसिंह, कुंदनसिंह, गिरधारीराम, शेराराम, भागीरथ चौधरी, कल्पना चौधरी आदि उपस्थित थे।

जैसलमेर. शहर कोतवाली पुलिस ने नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए चुराए गए माल सहित आरोपी को गिरफ्तार किया है। गौरतलब है कि गत 4 अगस्त को साकिर अली पुत्र मुबारक खा निवासी जैसलमेर ने पुलिस थाना कोतवाली पर रिपोर्ट पेश की कि मेरी यूनियन चैराहा के पास लिंक रोड पर स्थित टायर टयूब पैचिंग की दुकान से एक नट खोलने की प्रेशर मशीन व वाहनों के नए टयूब रात्रि में चोरी हो गए हंै। इस पर पुलिस थाना कोतवाली, जैसलमेर में मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। शहर कोतवाल प्रेमदान रतन के नेतृत्व में केवलदास उप निरीक्षक, कांस्टेबल कौशलाराम, प्रेम कुमार, घमंडाराम, राकेश कुमार की टीम गठित की गई। महज 24 घंटे में वारदात का खुलासा करते हुए 5 अगस्त को जीतु पुत्र नरपतराम ओड निवासी धारवी, बाड़मेर हाल लिंक रोड जैसलमेर को गिरफ्तार कर चुराई गई प्रेशर मशीन व वाहनों के नए टयूब बरामद किए गए। आरोपी से अन्य नकबजनी की वारदातों के संबंध में विस्तृत पूछताछ जारी है।

पोकरण. कस्बे के व्यास कॉलोनी में निवास कर रहे पोकरण हल्का पटवारी के घर पर कुछ युवकों ने हमला कर मारपीट की तथा जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। जिस पर पुलिस में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार भरतपुर के नदबई निवासी अजीतसिंह पुत्र भगवानसिंह मीणा ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि वह पोकरण में पटवारी के पद पर कार्यरत है तथा व्यास कॉलोनी में परिवार के साथ निवास करता है। गत दो अगस्त की रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर सो गए। रात करीब साढ़े 10 बजे एक युवक ने दरवाजा खटखटाया। उसने अंदर से ही युवक का नाम व काम का पूछा। जिस पर उसने जरूरी काम होने का बताया, तो पटवारी ने सुबह कार्यालय समय में आने की बात कही और दरवाजा नहीं खोला। कुछ देर में घर के बाहर सड़क पर खड़ी कैम्पर गाड़ी से तीन लोग उतरे और दरवाजे पर तोडफ़ोड़ शुरू कर दी। आरोपियों ने तलवार से दरवाजे पर वार किए और पोर्च में खड़ी बुलट मोटरसाइकिल को वाहन से टक्कर मारकर तोडफ़ोड़ की। आरोपियों ने उसे गालियां निकाली और धमकियां देते हुए जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। इस घटना से परिवारजन व बच्चे भयभीत हो गए। उसका भाई दीपक मीना बाहर वाले कमरे में सो रहा था। उसके साथ आरोपियों ने मारपीट की। इस वारदात में दांतल निवासी मदनसिंह का लड़का मुख्य था। उसके सााथ तीन लड़के लखासर के थे। पूर्व में लखासर निवासी कैलाशसिंह भाटी व उसके भाई विक्रमसिंह ने भी कैम्पर गाड़ी से उसका पीछा कर हमला करने का प्रयास किया था। साथ ही लगातार धमकियां भी दी जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
पटवार संघ ने जताया रोष
घटना के बाद पटवारियों ने रोष जताया है। पटवारियों ने बताया कि संघ के मीडिया प्रभारी व पोकरण पटवारी अजीतसिंह मीणा के साथ मारपीट के बाद कर्मचारियों व पटवारियों में भय का माहौल है। उन्होंने आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने और उन्हें शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि यदि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं होती है, तो उनकी ओर से आंदोलन किया जाएगा।

जैसलमेर. राजस्थान शूटिंग बॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में 39 वीं राज्य स्तरीय सब जूनियर बालक बालिका शूटिंग बॉल प्रतियोगिता टोंक में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में जैसलमेर की टीम भाग लेंगी। टीम चयन के लिए रविवार सुबह आठ बजे शहीद पूनमसिंह स्टेडियम में ट्रायल आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी अपना ट्रायल दे सकेंगे। ट्रायल में शामिल खिलाड़ी ही टीम में चुने जाएंगे।
जिला शूटिंग बॉल एसोसिएशन के संयोजक चंदनसिंह भाटी ने बताया कि राजस्थान शूटिंग बॉल एसोसिएसन के सचिव डी एन उपाध्याय के निर्देशानुसार जैसलमेर की शूटिंग बॉल की सब जूनियर बालक बालिका की टीमें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगी। ट्रायल जिला शूटिंग बॉल एसोसिएशन जेसलमेर के सेवानिवृत खेल अद्धिकारी लक्ष्मणसिंह तंवर, शूटिंग बॉल के राष्ट्रीय खिलाड़ी अमीन फकीर, प्रशिक्षक देवकीनंदन शर्मा, संजय चूरा और गणपत सिंह सोलंकी को सदस्य नियुक्त किया है।
संघ के देवकी नन्दन शर्मा ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सब जूनियर वर्ग की जो टीमें या खिलाड़ी भाग लेना चाहते है, वे रविवार सुबह आठ बजे आयोजित होने वाले ट्रायल में भाग ले सकेंगे। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 14 से 15 अगस्त तक टोंक में आयोजित की जा रही हैं।

जैसलमेर. जिला कलक्टर आशीष मोदी ने गुरुवार को जिले का दौरा किया और विभिन्न स्थानों पर मातृ शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस की गतिविधियों का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्रों और आंगनवाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण किया, इनकी तमाम सेवाओं, सुविधाओं आदि के बारे में जानकारी ली और ग्रामीणों से इन संस्थानों के कार्यकलापों का फीडबेक लिया। जिला कलक्टर के दौरे में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कमलेश चौधरी, जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कुणाल साहू, महिला एव बाल विकास विभाग के उप निदेशक सुभाष विश्नोई, जिला समन्वयक परमसुख सैनी सहित अन्य अधिकारी भी उनके साथ थे। जिला कलक्टर ने अमरसागर में उपस्वास्थ्य केन्द्र तथा आंगनवाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया और वहां दी जा रही सेवाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। स्वास्थ्य केन्द्र में उन्होंने प्रसव कक्ष, ओपीडी कक्ष, दवा वितरण कक्ष सहित अन्य कक्षों एवं परिसरों का अवलोकन किया और वहां उपस्थित ग्रामीणों से दोनों केन्द्रों की सेवाओं के बारे में फीडबेक लिया। जिला कलक्टर ने गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के टीकाकरण सहित क्षेत्र में वैक्सीनेशन की स्थिति, क्षेत्र में बच्चों और महिलाओं के लिए दिए जा रहे परामर्श, चिकित्सा सेवाओं आदि की जानकारी ली और इनसे संबंधित पंजिकाओं तथा चाटर््स आदि का निरीक्षण किया।
आंगनवाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण
जिला कलक्टर मोदी ने रूपसी में आंगनवाड़ी केन्द्र - प्रथम का आकस्मिक निरीक्षण करते हुए सभी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और वहां उपस्थित प्रसूताओं व गर्भवती माताओं से बातचीत की। छत्रैल में आंगनवाड़ी केन्द्र निरीक्षण के दौरान जरूरी पंजिकाओं में अद्यतन जानकारी अंकित नहीं होने पर जिला कलक्टर ने नाराजगी जाहिर की और कहा कि रिकार्ड संधारण का कार्य प्राथमिकता से किया जाना चाहिए, इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस बारे में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समय पर एन्ट्री और रिकार्ड को अपडेट रखने के बारे में सभी स्तरों पर पाबंद किया जाए। इसके लिए विभागीय स्तर पर निरीक्षण गतिविधियों को सुदृढ़ किया जाए और सभी जरूरी रिकार्ड्स व प्रविष्टियों की अनिवार्यता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि आगामी निरीक्षणों में ऐसी स्थिति सामने आने पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

You received this email because you set up a subscription at Feedrabbit. This email was sent to you at rajasthanss63@gmail.com. Unsubscribe or change your subscription.