>>: रंजिश अशोक से थी पर जान सुनील की चली गई

>>

Patrika - A Hindi news portal brings latest news, headlines in hindi from India, world, business, politics, sports and entertainment!

नागौर. रंजिशन गाड़ी चढ़ाने का मामला कहें या जानलेवा हमला, एक युवक की जान चली गई जबकि दो जने घायल हो गए। वारदात सदर थाना इलाके में शुक्रवार की देर रात की है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। हत्या व हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

सीआई रूपाराम ने बताया कि देर रात करीब एक बजे सदर थाना पुलिस को चुंटिसरा के पास एक कार और बोलेरो के बीच भिड़ंत की सूचना मिली। इस पर एएसआई महावीर सिंह मय टीम मौके पर पहुंचे। यहां से पुलिस ने घायलों को जेएलएन अस्पताल पहुंचाया जहां सुनील राड़ (22) निवासी सथेरण को मृत घोषित कर दिया जबकि सुनील विश्नोई को बीकानेर रेफर कर दिया गया। अशोक विश्नोई के हाथ व कंधे पर चोटें आई। एक अन्य कैलाश देर रात डरकर अपने घर भाग गया। एएसआई महावीर सिंह ने हैड कांस्टेबल मनछा राम, रामकुमार आदि के साथ मौका-मुआयना किया तो वहां बोलेरो कैम्पर पलटी मिली जबकि कार क्षग्रिस्त थी। बोलेरो के आगे सरपंच की नेमप्लेट भी लगी हुई थी। शनिवार की दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

एक-दो दिन में जाने वाला था पुणे

पता चला है कि सुनील राड़ मजदूरी करता है। एक-दो दिन बाद वो पुणे जाने वाला था। शुक्रवार की रात अशोक व अन्य के साथ किसी जागरण में शामिल होने के लिए तेजाजी धाम ढूंढिया गए थे। सुनील राड़ को क्या पता था कि वो अब पुणे नहीं जा पाएगा। कहते हैं कि सुनील ने पहले जाने से मना भी किया था पर मौत को कौन टाल सकता है, होनी उसे खींच ही ले गई।

रंजिश पुरानी, पीछा किया फिर टक्कर देने के बाद हमला: अशोक विश्नोई

घायल अशोक विश्नोई (29) निवासी फतेहसर ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि वो सुनील राड, सुनील विश्नोई और कैलाश के साथ सथेरण से चुंटिसरा होते हुए कार से नागौर की तरफ आ रहे थे। देर रात करीब एक बजे चुंटिसरा चौराहे से दो किलोमीटर पहले एक बोलेरो ने पीछा शुरू किया। उसे रामनारायण चला रहा था, कुछ पल में बोलेरो कैम्पर ने चालक की तरफ से जोर से टक्कर मारी जिससे कार पलट गई। सुनील राड़ बुरी तरह जख्मी हो गया। फिर कैम्पर से रामनारायण सारण, हनुमानराम भादू, रूपाराम भादू, देवकिशन व मुल्तान निवासी सोमलसर नोखा ने लोहे के पाइपों से उसके साथ सुनील कालीरावणा पर हमला बोल दिया, कैलाश भाग निकला। हमलावरों ने उनकी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और लोगों के बीच-बचाव कराने पर भाग छूटे। अशोक का कहना था कि उसकी इनसे काफी समय से रंजिश चल रही थी, इन लोगों ने उसके ऊपर नोखा थाने में मारपीट का भी मामला दर्ज करा रखा है। इन्होंने उसे जान से मारने की नीयत से यह हमला किया था। सथेरण के रामस्वरूप विश्नोई का कहना था कि हमलावरों ने रंजिशवश अशोक को खत्म करने के लिए इसे हादसा देने की कोशिश की है।

इनका कहना है

मामला दर्ज कर लिया है, जांच कर आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

-रूपाराम, सीआई सदर थाना नागौर

You received this email because you set up a subscription at Feedrabbit. This email was sent to you at abhijeet990099@gmail.com. Unsubscribe or change your subscription.