पत्रिका न्यूज़ नेटवर्क/जयपुर. Today Rain Alert: राजस्थान में मानसून की मेहर का दौर एक जुलाई तक जारी रहने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान के जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी रहेगा। 2 जुलाई से मानसून की रफ्तार धीमी होगी और 8 जुलाई तक हल्की बारिश के आसार हैं। पश्चिमी राजस्थान में अधिकतम तापमान में ज्यादा बढोतरी होगी। पूर्वी राजस्थान के तापमान में हल्की बढ़ोतरी की संभावना है। हालांकि 9 जुलाई से पश्चिमी विक्षोभ का असर राजस्थान को फिर से तर-बतर कर सकता है।
13 जुलाई तक राज्य में सामान्य बारिश का अनुमान है। मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार मध्य प्रदेश में बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर पड़ता जा रहा है। राजस्थान में 1 जुलाई तक ही मानसून रफ्तार से चलेगा, उसके बाद तेज बारिश का दौर थम जाएगा और कुछ जगह हल्की होगी। करीब सप्ताहभर तक मानसून की रफ्तार धीमी रहेगी और उसके बाद पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। माना जा रहा है कि यह मानसून के साथ जुड़कर अच्छी बारिश करवाएगा। वहीं, अब तक जून में जमकर बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार 1 जून से 30 जून तक प्रदेश में सामान्य से 185 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज हुई है।
यह भी पढ़ें : राजस्थान में कैसा रहेगा जुलाई में मानसून, मौसम विभाग ने कर दिया खुलासा
आज 4 स्थानों पर अति भारी बारिश
मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार 1 जुलाई को बाड़मेर, जैसलमेर, जालोर और जोधपुर को छोड़कर पूरे राजस्थान में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
फिर रंग दिखाएगी गर्मी
राजस्थान में मानसून की रफ्तार रुकते ही पश्चिमी राजस्थान में गर्मी और उमस रंग दिखाएंगे। मौसम विभाग की मानें तो मारवाड़ और बीकानेर संभाग में तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है। ऐसे में अधिकतम तापमान 43 डिग्री को पार करेगा और फिर से लोग पसीना-पसीना होंगे। उधर, पूर्वी राजस्थान में भी तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ेगा, लेकिन 40 डिग्री के पार नहीं जाएगा।
यह भी पढ़ें : Weather Forecast : मौसम विभाग का बारिश को लेकर आया नया अपडेट, कल इन जिलों में होगी झमाझम बारिश
बांसवाड़ा के कुशलगढ़ में सबसे अधिक 91 मिमी
बांसवाड़ा के कुशलगढ़ में सबसे अधिक 91 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। वहीं जिले के बागीदौरा में 90, सज्जनगढ़ में 82, बांसवाड़ा में 71, दानपुर में 54, केसरपुरा में 48 मिलीमीटर बारिश हुई।