राजस्थान में विधानसभा आम चुनाव 2023 के लिए मतदान शांतिपूर्वक जारी है और सुबह नौ बजे तक 9.77 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर चुके हैं। मतदान के पहले दो घंटे में मिले मतदान प्रतिशत के अनुसार राजस्थान में मतदान शुरू होने के बाद पहले दो घंटों में 9.77 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं राजस्थान की राजनीति के कई दिग्गज नेता भी वोट के अधिकार का इस्तेमाल करने पोलिंग बूथ पर पहुंचे। वोटिंग के बाद सभी नेताओं ने अपने-अपने दावे किए। किस नेता ने क्या कहा, यहां जानें...
पूर्व सीएम वसुंधरा राजे
पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने झालावाड़ में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। राजे अपने परिवार संग सुबह-सुबह ही मतदान करने पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में प्रदेशवासियों से ज्यादा से ज्यादा वोट करने की अपील की। राजे ने अपनी वोट अपील में कहा कि मेरा आग्रह सभी मतदाताओं से है, विशेषकर नए मतदाताओं को कहूंगी कि जोरदार तरीके से वोट डालें, कमल खिलाएं और देश के लिए एक बड़ा कदम उठाएं।
कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास
राजस्थान मंत्री और कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि सभी लोग काम को देखें और वोट करें। विकास के नाम पर वोट जा रहा है और सभी विकास के नाम पर पंजे का बटन दबाएंगे। लोगों को पता चले कि कांग्रेस की सरकार दोबारा आ रही है।
राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया
उदयपुर में असम के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 के लिए वोट डाला। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का सबसे बड़ा त्यौहार मतदान है। आज मैं केवल मतदान के लिए असम से यहां आया हूं। जनता से मेरी अपील है कि 100 प्रतिशत मतदान करें।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीपी जोशी
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद सीपी जोशी ने कहा कि लोकतंत्र का ये महापर्व है इसलिए सभी मतदाता को अपना मत का प्रयोग करना चाहिए क्योंकि आपका एक मत सत्य, न्याय और सद्भाव का प्रतीक होता है, सुशासन का प्रतीक होता है। राजस्थान की जनता चल पड़ी है बीजेपी और पीएम मोदी के साथ, जिससे स्पष्ट लग रहा है कि बीजेपी आएगी और कांग्रेस जाएगी।
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत
केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि बीजेपी प्रचंड बहुमत के साथ सरकार में आ रही है। जनता अबकी बार मतदान करते समय जो पिछले 5 साल दु:ख तकलीफ झेला है उसे ध्यान में रखकर मतदान करने वाली। उन्होंने जोधपुर में अपना वोट डाला।
कांग्रेस नेता सचिन पायलट
जयपुर में वोट डालने के बाद कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि मैं उम्मीद कर रहा हूं कि जनता अच्छा निर्णय लेगी। मुझे लगता है कि जनता चाहती है कि कांग्रेस पार्टी की सरकार दोबारा बने और बीजेपी का जो पिछले 5 सालों में प्रदर्शन रहा है, वो जनता ने देखा है। हमारी पार्टी का विजन लोग देख रहे हैं। बीजेपी यहां विपक्षी पार्टी की भूमिका निभाने में नाकाम रही है। मझे पूरा विश्वास है कि हम भारी बहुमत के साथ यहां सरकार बना पाएंगे।
भाजपा नेता सतीश पूनिया
जयपुर में राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 के लिए वोट डालने के बाद भाजपा नेता सतीश पूनिया ने कहा कि राजस्थान का मतदाता इस बार कांग्रेस को सबक सिखाने के लिए तैयार है क्योंकि किसानों का कर्ज माफी, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था के मुद्दों पर राजस्थान में एक प्रखर लोक जागरण हुआ है और वही कांग्रेस की हार का कारण बनेगा।
भाजपा नेता राज्यवर्धन राठौड़
जयपुर में भाजपा नेता राज्यवर्धन राठौड़ ने राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए मतदान करने के बाद कहा कि मैं पिछले 50 दिन में गांव-गांव गया, जिस तरह से महिलाओं का आशीर्वाद प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के लिए है, मैंने ऐसा आज तक नहीं देखा। युवा शक्ति, मातृ शक्ति बदलाव का बड़ा कारण बनेगी।
केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी
बाड़मेर में वोट डालने के बाद केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि राजस्थान में भ्रष्टाचार से मुक्ति के लिए, बढ़ते अपराधों से मुक्ति और तुष्टिकरण से मुक्ति के लिए हमने यहां पर बीजेपी के पक्ष में ऐसा मतदान किया है कि भविष्य में यहां पर कांग्रेस की सरकार कभी भी नहीं आएगी क्योंकि राजस्थान की जनता ने जो 5 सालों में झेला है, वैसा कभी नहीं हुआ है। इसलिए राजस्थान में बीजेपी के पक्ष में मतदान हो रहा है और बीजेपी को 150 से अधिक सीट मिलनी वाली है।
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल
केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता अर्जुन राम मेघवाल अपना वोट डालने बीकानेर पूर्व के किसामीदेसर के बूथ संख्या 174 पहुंचे। उन्होंने कहा कि मुझे ऐसा लग रहा है कि बीजेपी सभी सीटों पर जीत रही है। राजस्थान विकास के मुद्दों पर वोट करने वाला है। मैंने सभी से अपील की है कि वो शत प्रतिशत मतदान करें। बीजेपी की सरकार राजस्थान में बनने वाली है।
राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत
राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत ने परिवार के साथ जोधपुर के रातानाडा क्षेत्र के न्यू गवर्नमेंट स्कूल पहुंचकर मतदान किया। उन्होंने साधारण मतदाता की तरह कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार किया। करीब 20 मिनट तक इंतजार करने के बाद उनका नंबर आया। मतदान के बाद पत्रिका से बातचीत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार अपने पिछले वादे भी पूरे नहीं कर पाई है। इस बार भी 7 गारंटियों के फेर में उलझ कर रह गई है। जनता इस बार इनके चक्कर में नहीं आएगी, काठ की हांडी एक बार ही चढ़ती है।
रविंद्र सिंह भाटी
हॉट सीट मानी जा रही बाड़मेर जिले की शिव विधानसभा से निर्दलीय प्रत्याशी रविंद्र सिंह भाटी ने अपना वोट डाला। वोट डालने के बाद रविंद्र सिंह भाटी ने शिव की जनता से बढ़ चढ़कर मतदान करने का आह्वान किया। उन्होंने आम जनता को मतदान का महत्व भी बताया।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Election Voting 2023 Live Update: बाड़मेर की हॉट सीट शिव से रविंद्र सिंह भाटी ने डाला वोट, जनता से की ऐसी अपील
कांग्रेस नेता गौरव वल्लभ
राजस्थान कांग्रेस नेता गौरव वल्लभ ने उदयपुर में अपना वोट डाला। उन्होंने कहा कि ईश्वर भी हमारे साथ है और उदयपुर के मतदाता भी हमारे साथ हैं। टाइम पास करने वालों का समय पास हो गया।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Voting 2023 Live Update: वोट डाल कांग्रेस पर बरसे गजेंद्रसिंह शेखावत, कहाः सत्ता में आ रही है भाजपा