>>: खम्भे हैं या ‘अंगद’ के पांव, हट ही नहीं रहे: लापरवाही आमजन पर भारी

>>

Patrika - A Hindi news portal brings latest news, headlines in hindi from India, world, business, politics, sports and entertainment!

 

स्वर्णनगरी की सुंदरता को बाधित करने और आमजन को असुविधा का अहसास कराने के लिए मुख्य सडक़ों पर पिछले कई वर्षों से बिजली के खंभे खड़े हैं। कायदे से तो इन्हें कब का स्थानांतरित कर दिया जाना था और तो और इस अवधि में इन खंभों के आसपास सडक़ों का निर्माण और मरम्मत के कार्य कितनी ही बार करवा दिए गए लेकिन खंभे मानो अंगद का पांव हैं, जो हट ही नहीं सकते। इसमें भी एक तथ्य यह ज्यादा महत्व का है कि खंभों के स्थानांतरण के लिए नगरपरिषद की तरफ से निर्धारित शुल्क भी डिस्कॉम के खाते में जमा करवाया हुआ है। बीच सडक़ या मार्ग के बड़े हिस्से के बीच में बिजली का खंभा आ जाने से यातायात सीधे तौर पर प्रभावित होता है। इस वजह से कई बार छोटे-बड़े हादसे घटित हो चुके हैं। इसके बावजूद जिम्मेदारों की नींद नहीं खुल रही।

कई साल बीते राशि जमा करवाए, खंभा वहीं का वहीं

शहर के प्रमुख बाहरी रास्तों में शुमार होने वाले एसबीआइ चौराहा के ठीक पास बिजली का खंभा पिछले कई वर्षों से जस का तस खड़ा है। खंभे को स्थानांतरित करने के लिए नगरपरिषद ने करीब सात साल पहले लाखों रुपए की राशि डिस्कॉम के खाते में जमा करवाई थी। सडक़ के विस्तारीकरण की वजह से कभी किनारे रहने वाला खंभा बीच में आ गया। कायदे से उसे तभी स्थानांतरित कर दिया जाना था लेकिन नहीं किया गया।

यहां भी हालात जुदा नहीं

शहर की सबसे बड़ी और प्रमुखता से बसी कच्ची बस्ती गफूरभट्टा क्षेत्र में नगरपरिषद ने सडक़ों के विस्तारीकरण व दोहरीकरण का कार्य तो करवा दिया, लेकिन डिस्कॉम की तरफ से बिजली के खंभे को इसके अनुरूप स्थानांतरित नहीं करवाया गया है। सडक़ पर बेरोकटोक आवाजाही तो प्रभावित हुई है, साथ ही सुंदरता भी दागदार होती है। कभी भी कोई बड़ा हादसा घटित हो जाए तो इनकार नहीं किया जा सकता। इस खंभे को भी पीछे सरकाने के लिए कई बार डिस्कॉम के अधिकारियों तक मांग पहुंचाई जा चुकी है लेकिन वे बेपरवाही के लाइलाज मर्ज से ग्रस्त बने हुए हैं।

ढांचा खड़ा कर दिया, आगे क्या

एसबीआइ चौराहा से एयरफोर्स चौराहा की तरफ जाने वाले मार्ग के किनारे नया ट्रांसफार्मर लगाने के लिए कई साल पहले आधारभूत ढांचा तो खड़ा कर दिया गया लेकिन जिम्मेदार शायद यहां ट्रांसफार्मर लगाना भूल गए। पूरे क्षेत्र में आए दिन वॉल्टेज के उतार-चढ़ाव से लेकर बिजली की आपूर्ति बाधित होती रहती है। ऐसे ही शिव मार्ग पर बीते वर्षों के दौरान नगरपरिषद ने सडक़ का विस्तारीकरण कर दिया लेकिन वहां लगा ट्रांसफार्मर स्थानांतरित करने या सडक़ के किनारे तक सरकाने की फुर्सत विद्युत महकमे को नहीं है।

You received this email because you set up a subscription at Feedrabbit. This email was sent to you at rajasthanss63@gmail.com. Unsubscribe or change your subscription.