>>: Rajasthan : हत्या के प्रयास की धारा पर बिफरे किसान, पड़ाव की चेतावनी

>>

Patrika - A Hindi news portal brings latest news, headlines in hindi from India, world, business, politics, sports and entertainment!

Rajasthan News : हनुमानगढ़ बंद के दौरान शुक्रवार को ट्रैक्टर मार्च निकालने वाले किसानों पर बल प्रयोग करने तथा हत्या के प्रयास व राजकार्य में बाधा संबंधी मामला दर्ज करने पर शनिवार को किसान संगठन बिफर गए। किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने मामला वापस नहीं लेने पर कलक्ट्रेट के समक्ष विरोध प्रदर्शन कर बेमियादी पड़ाव डालने की चेतावनी दी है। धारा 144 लगी होने के बावजूद प्रशासन द्वारा पीएम जनसंवाद कार्यक्रम के लिए भीड़ एकत्र करने तथा किसानों को ट्रैक्टर मार्च के लिए रास्ता नहीं देने के संबंध में प्रशासन पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया गया है।

विभिन्न किसान व मजदूर संगठनों के प्रतिनिधियों ने संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले शनिवार को जंक्शन स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में प्रेस वार्ता के दौरान उक्त जानकारी दी।

भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष रेशमसिंह माणुका ने कहा कि पूर्व निर्धारित भारत बंद के तहत किसानों ने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जताने के लिए शहर के विभिन्न मार्गों से ट्रैक्टर मार्च निकाला। मगर जब ट्रैक्टर मार्च अबोहर बाइपास रोड पर पहुंचा तो पुलिस प्रशासन ने अवरोधक लगाकर किसानों का रास्ता रोकने का प्रयास किया। जबकि गत तीन दिनों से किसानों व प्रशासन के अधिकारियों के बीच वार्ता की जा रही थी। इसमें किसानों ने शांतिपूर्ण तरीके ट्रैक्टर रैली निकालने के संबंध में अवगत भी कराया था।

मगर बाइपास रोड पर कुछ पुलिसकर्मियों ने किसानों से हाथापाई व गाली-गलौच की तथा उन पर लाठियों से हमला किया। किसान प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि दर्ज मामला वापस नहीं लिया गया तो किसानों को विवश होकर कलक्ट्रेट के समक्ष बेमियादी पड़ाव डालना पड़ेगा। इसकी समस्त जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। प्रेस वार्ता में जिला परिषद सदस्य मनीष मक्कासर, सद्दाम हुसैन, रायसिंह जाखड़, माकपा जिला सचिव रघुवीर वर्मा, भाखड़ा प्रोजेक्ट चेयरमैन मनप्रीत सिंह, रायसाहब चाहर, रमनदीप सिंह, सुखवीर सिंह, जगजीत सिंह, कुलदीप सिंह आदि मौजूद रहे।

नहीं माने एसपी के आदेश
भाकियू जिलाध्यक्ष रेशमसिंह माणुका ने बताया कि ट्रैक्टर मार्च निकालने के दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. राजीव पचार बार-बार पुलिसकर्मियों को लाठीचार्ज नहीं करने का आदेश दे रहे थे। मगर पुलिस अधीक्षक के आदेश को अनदेखा करते हुए कुछ पुलिसकर्मियों ने जानबूझकर रैली को विफल बनाने के लिए लाठी चार्ज कर दिया।

बसें भरकर ला रहे थे भीड़
माकपा नेता रघुवीर वर्मा ने कहा कि जिले में धारा 144 लगी हुई है। इसके बावजूद बाइपास स्थित निजी स्कूल में शुक्रवार को प्रधानमंत्री का वर्चुअल कार्यक्रम दिखाने के लिए पुलिस प्रशासन व भाजपा ने बसों में भरकर लोगों की भीड़ वहां जमा की। वहीं दूसरी तरफ कुछ किसानों को ट्रैक्टर मार्च निकालने से भी रोका गया। प्रशासन के ऐसे दोहरे मापदंड पूर्णत: गलत है, इन्हें बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

You received this email because you set up a subscription at Feedrabbit. This email was sent to you at rajisthanews12@gmail.com. Unsubscribe or change your subscription.