>>Patrika - A Hindi news portal brings latest news, headlines in hindi from India, world, business, politics, sports and entertainment! |
Assembly Elections 2023: थमा चुनाव प्रचार का शोर, घर घर जनसम्पर्क पर जोर Friday 24 November 2023 01:23 PM UTC+00 विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की ओर से किया जा रहा चुनाव प्रचार का शोर गुरुवार शाम को थम गया। इससे पहले सुबह से सडक़ों, गली मोहल्लों व मुख्य मार्गों पर प्री-रिकॉर्डेड प्रत्याशियों के समर्थन में तैयार की गई कैसेट्स-सीडियां गूंजती रही, वहीं हाथों में राजनीतिक दलों या प्रत्याशियों से संबंधित झंडियां लहराते व पोस्टर बैनर लिए कार्यकर्ता चुनाव प्रचार में जुटे दिखाई दिए। जैसलमेर शहर में कांग्रेस प्रत्याशी ने रोड शो किया तो भाजपा उम्मीदवार का गोपा चौक में स्वागत करने के साथ उन्हें घोटुआ लड्डुओं से तौला गया। दिन के समय माइक पर पार्टियों व प्रत्याशियों के पक्ष वाले नारे खूब गूंजे। शाम को जैसे ही घड़ी में 5 बजे, चुनाव प्रचार का शोर थम गया। चुनाव प्रचार का दौर थमने के बाद अब प्रत्याशियों व उनके समर्थक सहित राजनीतिक दलों ने अब तक हुए जनसंपर्क, ग्राम सभाओं व प्रचार-प्रसार के अनुभव के आधार पर वोटर्स के रुख, उजागर हुई कमजोर कडिय़ों के आधार पर अपना आंकलन करना शुरू कर दिया है। हालांकि दोनों ही प्रमुख पार्टियों के प्रत्याशियों की ओर से किए गए अपने वायदों के बाद अपनी-अपनी जीत के दावे किए जा रहे हैं। को लेकर राजनीतिज्ञ विश्लेषक भी हैरान सरहदी जिले में इस बार चुनावी गणित अच्छे-अच्छे राजनीतिज्ञ विश्लेषकों को हैरान कर रही है। दोनों प्रमुख पार्टियों को इस बार बागी का ना तो डर है और न ही बहुकोणीय मुकाबले में वोट बंटने का खतरा लेकिन उन्हें भितरघात का खतरा बराबर सता रहा है। इन सबके बीच कौन जीतेगा, कौन हारेगा..इस बारे में कोई कुछ नहीं कह पा रहा है। जहां तक मतदाताओं का सवाल है, वे खामोश हैं। राजनीतिक दलों या उम्मीदवारों से सीधे जुड़े लोग अपने-अपने पक्ष की बातें अवश्य कर रहे हैं। आम मतदाताओं के खुलकर अपनी बात नहीं कहने की वजह से चुनावी गणित के पंडित भी साफ-साफ भविष्यवाणियां करने से बच रहे हैं। चिंता न करें, सब हो जाएगा चुनावी दंगल में उतरे प्रत्याशियों की तरफ से आमजन को वादों की सौगातें जमकर दी जा रही है। मतदाता चाहे जो समस्या या मांग उठाए, प्रत्याशी की तरफ से एक ही जवाब होता है, बिलकुल यह सब हो जाएगा...बस एक बार आप चुनाव जितवा दें। वे हर कहीं नतमस्तक ही दिखाई देते हैं, कहीं श्रद्धा के आगे तो कहीं वोट के लिए। अल सुबह चुनाव प्रचार के लिए घर से बाहर निकलने से पहले अपने इष्टदेव के आगे नमन करना, वे नहीं भूलते। वे समझते हैं कि, चुनावी बेला में लोग अपनी शिकायतों की सूची लेकर बैठे होंगे, लेकिन उन्हें चेहरे पर मुस्कान के साथ उनकी हर बात सुननी है और समस्या समाधान का यकीन भी दिलाना है। जनसंपर्क के दौरान कोई धार्मिक स्थल आ जाए तो वहां जीत की प्रार्थना करना भी उनकी दिनचर्या में शुमार है। मोबाइल पर भी प्रचार संचार क्रांति के दौर में कागजों, टोपियों व झंडियों के माध्यम के अलावा प्रत्याशियों ने मोबाइल पर भी इस बार खूब चुनाव प्रचार किया है। कहीं प्रत्याशी की पहले से ही रिकार्डेड आवाज तो कहीं उनके समर्थकों की ओर से मोबाइल पर संबंधित प्रत्याशी से वोट देने की अपील की जा रही है। यह फार्मूला कितना कारगर साबित होगा, यह तो बाद की बात है, लेकिन घर बैठे मतदाताओं से सीधा संपर्क कर चुनाव प्रचार करने का यह तरीका काफी पसंद किया जा रहा है। इस बार जुदा दिखी चुनावी फिजां जैसलमेर में इन दिनों जैसी चुनावी फिजां देखने को मिल रही है, वैसी पहले कभी भी देखने को मिली ही नहीं। प्रत्याशियों के समर्थकों की ओर से गुड़ से तौलने व अभिनंदन करने का दस्तूर दिखा तो शहर के चौराहों व मुख्य मार्गों पर से बैनर व झंडियां गायब दिखी। इस बार प्रत्याशियों की ओर से कागजी प्रचार-प्रसार करने की बजाए अधिक जोर जनसंपर्क व सभाओं पर दिया। कोई चुनावी वादों से लुभा रहा है तो कोई क्षेत्रीय लोगों से जुड़े अपने या परिवार के पुराने संबधों की याद दिला रहा है। बड़े बुजुर्गों के चरण स्पर्श और बाकी को नमस्कार, दुआ-सलाम और हाथ मिलाकर अभिवादन, इस बीच घर-घर जाकर दस्तक देने और वोटों के लिए नतमस्तक होने का अंदाज तो आम बात है। चुनावी थकावट से चूर होने के बावजूद अगले दिन फिर से स्फूर्त होकर पुराने गिले-शिकवे को भुलाकर की जाती रही वोट के लिए अरज। प्रत्याशी का चुनाव प्रचार सुबह हल्के सर्द मौसम में चुनिंदा लोगों के साथ, गाडिय़ों की भीड़ के साथ प्रत्याशी निकल चुनाव प्रचार करने निकलते देखे गए। तय रुट पर मौजीज लोगों को साथ रखा गया। यही माहौल आभास कराता है चुनावी रंगत का। पिछले कुछ दिनों से प्रचार-प्रसार कर अभ्यस्त हो चुके प्रत्याशी इतना तो समझ ही चुके हैं कि बड़े-बुजुर्गों से स्वास्थ्य की कुशलक्षेम पूछना, युवाओं के रोजगार व किशोरों की पढाई के बारे में पूछकर ही बाद आगे बढ़ानी है। जैसलमेर में 2008 में परिसीमन के बाद दो विधानसभा क्षेत्र हो गए हैं। करीब 38 हजार वर्ग किमी क्षेत्र में फैले जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र के दो भाग होने के बाद जैसलमेर के साथ ही पोकरण अलग से विधानसभा क्षेत्र बनाया गया है। आजादी के बाद यह चौथा मौका होगा जब परमाणु परीक्षणों की स्थली पोकरण की गूंज विधानसभा में गूंजेगी।
युवा की आवाज - युवाओं के सपनों को मिले पंख विधानसभा चुनाव से प्रदेश की भावी तस्वीर और तकदीर तय होनी है। एक नवयुवा मतदाता के तौर पर मैं यह चाहता हूं कि राजस्थान के युवाओं के सपनों को साकार करने की भावना रखने वाले जनप्रतिनिधि चुन कर विधानसभा में पहुंचे। - नमन बल्लाणी, जैसलमेर
फैक्ट फाइल - जैसलमेर - पुरुष मतदाता - 1,36,704 महिला मतदाता - 1,15,948 कुल मतदाता - 2,52,655 न्यू वोटर्स - 10,244 मतदान केंद्र - 383 पोकरण - पुरुष मतदाता - 1,17,045 महिला मतदाता - 1,04,836 कुल मतदाता - 2,23,881 न्यू वोटर्स - 10,089 मतदान केंद्र - 307
|
| You received this email because you set up a subscription at Feedrabbit. This email was sent to you at rajasthanss63@gmail.com. Unsubscribe or change your subscription. |
