>>: वेतन नहीं मिलने से शिक्षक आर्थिक रूप से हो रहे परेशान, जताया रोष

>>

Patrika - A Hindi news portal brings latest news, headlines in hindi from India, world, business, politics, sports and entertainment!

अनूपगढ़. गरीब वर्ग के बच्चों को अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा प्रदान करने के लिए गत सरकार की तरफ से कन्वर्ट कर खोले गए राजीव गांधी अंग्रेजी माध्यमिक विद्यालयों में पूर्व में कार्यरत शिक्षकों के सरप्लस होनेे के बाद विद्यालय को खुले चार माह से अधिक का समय बीत जाने के बावजूद इन विद्यालयों में सरप्लस हुए शिक्षकों का वेतन अभी तक नहीं मिल पाया है। दीपावली भी बिना वेतन के निकल गया। वहीं, पीडी मद से वेतन एवं पीडी मद वालों का दीपावली बोनस भी नहीं मिला है। शिक्षक आर्थिक रूप से परेशान है। इससे संबंधित शिक्षकों में विभाग के प्रति रोष है। इस संबंध मेंं राजस्थान शिक्षक संघ ( प्रगतिशील) जिला शाखा की बैठक जिला अध्यक्ष राजाराम स्वामी की अध्यक्षता में रविवार को पब्लिक पार्क में आयोजित की गई। बैठक में उक्त मुद्दे के अलावा शिक्षकों की अन्य समस्याओं पर चर्चा करने के साथ-साथ आगामी 19 और 20 जनवरी को श्रीगंगानगर में होने वाले प्रांतीय सम्मेलन की तैयारी बारे में चर्चा की गई। ब्लॉक मंत्री बीरबल कचोरिया ने बताया कि राज्य सरकार ने जिन विद्यालयों को अंग्रेजी माध्यम विद्यालय बनाया है, उन विद्यालयों का स्टाफ सरप्लस किया जा चुका है। पिछले 4 माह से उन शिक्षकों का वेतन नहीं मिल पा रहा है।

जिला बनाया लेकिन अधिकारियों के पास समस्त शक्तियां नहीं

वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद मौर्य ने कहा कि गत राज्य सरकार की तरफ से अनूपगढ़ को जिला घोषित कर दिया गया। कई कार्यालय खोलकर अधिकारियोंं की नियुक्ति भी कर दी लेकिन आज भी अधिकारियों को समस्त शक्तियां एवं अधिकार नहीं दिए गए हैं। शिक्षा विभाग की बात करे तो एसीपी की पावर जिला शिक्षा अधिकारी को नहीं दी गई है। श्रीगंगानगर कार्यालय से बार-बार एसीपी आवेदन पर आक्षेप लगा दिए जाते हैं। शिक्षकों ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि एक बार में जितने आक्षेप लगते हो ,लगा दिए जाएं ,पूर्ति होने पर तुरंत एसीपी मंजूर की जानी चाहिए। प्रेस प्रवक्ता और जिला मंत्री पवन स्वामी ने कहा कि संयुक्त निदेशक बीकानेर द्वारा शिक्षकों के एमएसीपी (मॉडिफाइड एसीपी) लागू करने के बारे में आदेश जारी किए जा चुके हैं। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी श्रीगंगानगर को चाहिए कि जल्दी से जल्दी शिक्षकों के एमएसीपी लागू करने के लिए जिले के समस्त पीइइओ को आदेश जारी करें ताकि शिक्षकों को समय पर एमएसीपी का लाभ मिल सके।

प्रांतीय सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान

इस मौके पर जिला सभाध्यक्ष सुभाष छाबड़ा ने कहा कि कम से कम 100 शिक्षक जिला प्रांतीय सम्मेलन श्रीगंगानगर में भाग लेंगे और इसके लिए अलग से बसों की व्यवस्था की जाएगी ।पूरे ब्लॉक के शिक्षकों से आह्वान किया कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में प्रांतीय सम्मेलन में पहुंचकर अपनी समस्याओं को रखें एवं शिक्षक एकता का परिचय दे । इस मौके पर हनुमान मीणा,अश्वनी चावला ,जगदीप कुमार, हरदेव सिंह ,अवतार सिंह, मोमन राम आदि अनेक संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।

You received this email because you set up a subscription at Feedrabbit. This email was sent to you at abhijeet990099@gmail.com. Unsubscribe or change your subscription.